Breaking NewsNational

Oxygen Express: रेलवे ने अब तक पूरे देश में 2067 टन ‘संजीवनी’ पहुंचाई, दिल्ली को मिला सबसे ज्यादा 707 टन

नई दिल्ली. देश इस वक्त कोरोना वायरस (Coronavirus) की दूसरी लहर से जूझ रहा है. देश के कई हिस्सों में जारी ऑक्सीजन के संकट के बीच अब रेलवे (Railways) ने मोर्चा संभाल लिया है. दरअसल, दरअसल, भारतीय रेल की ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ (Oxygen Express) ने पिछले 16 दिनों में पूरे देश में करीब 2,067 टन मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचाईं हैं. इसमें दिल्ली को सबसे ज्यादा 707 टन और उसके बाद उत्तर प्रदेश को 641 टन मेडिकल ऑक्सीजन मिला है.

इस समय देश भर में 344 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन यानी एलएमओ (Liquid Medical Oxygen) से लदी विभिन्न टैंक-ट्रेन मार्ग में हैं. रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”भारतीय रेल ने देश के विभिन्न राज्यों में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचाया है. अब तक भारतीय रेल विभिन्न राज्यों में 137 टैंकरों में 2,067 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचा चुकी है.”


मंत्रालय ने बताया कि अब तक 34 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन अपना सफर पूरा कर चुकी हैं. अब तक महाराष्ट्र को 174, उत्तर प्रदेश को 641, मध्य प्रदेश को 190, हरियाणा को 229, तेलंगाना को 123 और दिल्ली को 707 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचाई गई है.

हर ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन में करीब 16 टन  मेडिकल ऑक्सीजन लदा होता है और ये ट्रेन करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं.

24 घंटे में देश में कोरोना के 3,82,315 नए केस
गौरतलब है कि भारत में पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 3,82,315 नए मामले सामने आए हैं और 3,780 लोगों की मौत भी हुई है. कोरोना के 3,38,439 मरीज ठीक हुए हैं. देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 34,87,229 है. वहीं, कोरोना महामारी से अभी तक 2.26 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.