काेराेना मरीजाें की बढ़ती संख्या काे देखते हुए अगले 15 दिनाें के अंदर पताही में फिर से 250 बेड का अस्थाई काेराेना अस्पताल चालू हाे जाएगा। डीएम प्रणव कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से यह फैसला लिया गया है कि जल्द से जल्द पताही हवाई अड्डा पर 250 बेड का काेविड अस्पताल चालू किया जाए। साथ ही सदर अस्पताल स्थित एमसीएच भवन में भी ऑक्सीजन युक्त 50 बेड का विशेष काेविड वार्ड तैयार किया जाएगा।
अगले एक सप्ताह के अंदर इसे भी चालू कर दिया जाएगा। उधर, एसकेएमसीएच के अधीक्षक डाॅ. बीएस झा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने रविवार काे वीडियाे कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पताही में अस्थाई अस्पताल खाेले जाने की सूचना दी है। हालांकि, इस अस्थाई अस्पताल के खाेले जाने काे लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश नहीं दिया गया है। उधर, डीएम ने कहा कि अस्पताल संचालन में प्रति माह हाेने वाले खर्च की जानकारी सरकार काे भेज दी गई है। इसमें एक माह में बिजली पर करीब चार लाख रुपए खर्च हाेने की संभावना है।
पिछले वर्ष डीआरडीओ ने बनाया था 500 बेड का अस्पताल
दरअसल, पिछले साल पताही हवाई अड्डा पर डीआरडीओ की ओर से 500 बेड के काेविड अस्पताल का संचालन किया गया था। साल के अंत में इस अस्पताल काे बंद कर डीआरडीओ ने वहां लगे सभी स्वास्थ्य उपकरण एसकेएमसीएच के जिम्मे कर दिया था। इसमें अधिकांश सामान आईजीआईएमएस के साथ-साथ बेतिया मेडिकल काॅलेज काे भेज दिया गया है। एसकेएमसीएच के प्राचार्य डाॅ. विकास कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ साै बेड, 25 वेंटिलेटर सहित अन्य स्वास्थ्य उपकरण यहां रखा गया है। बताया जा रहा है इन स्वास्थ्य उपकरणाें का उपयाेग पताही में खुल रहे अस्थाई अस्पताल में किया जाएगा। डीआरडीओ का क्रायाेजेनिक ऑक्सीजन प्लांट काे एसकेएमसीएच में ही स्थापित किया जा रहा है।





Leave a Reply