BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

कल से आसमान में छाएंगे बादल, गर्मी से राहत संभव; मुजफ्फरपुर का तापमान 38 डिग्री के पार

मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार का मौसम फिर बदलने की संभावना है। 30 अप्रैल से तापमान 40 डिग्री के पार जाने का अनुमान है। साथ ही बादल छाने के साथ बूंदाबांदी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से दाे डिग्री सेल्सियस अधिक 38.1 व न्यूनतम सामान्य से 4.4 डिग्री कम 18.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पूसा कृषि मौसम परामर्शी सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार 2 मई तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

हालांकि 30 अप्रैल की शाम से मुजफ्फरपुर समेत नेपाल से सटे तराई क्षेत्रों में हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हाे सकती है। इस दौरान कई जगह तेज रफ्तार हवा व ओलावृष्टि हाे सकती है। अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान 36 से 41 डिग्री व न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। ऐसे में अत्यंत जरूरी हाेने पर ही धूप में निकलने और काेराेना संक्रमण के गंभीर फैलाव को देखते हुए मास्क लगाने की सलाह दी गई है। वहीं, पटना, गया, नालंदा सहित कई जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है। तेज धूप होने की वजह से प्रदेश के सभी हिस्सों में तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। ये स्थिति 24 घंटे तक रहने के आसार हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.