BIHARBreaking NewsSTATE

फिर सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ, देश के इन हिस्सों में होगी बारिश और ओलावृष्टि, जानें- IMD का ताजा अपडेट

देश की राजधानी दिल्ली में तापमान आसमामन छू रहा है। बढ़ते तापमान की वजह से लोग गर्मी से बेहाल है। वहीं, दक्षिण भारत समेत देश के कई हिस्सों में इस सप्ताह के आने वाले दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। इस दौरान दक्षिण भारत के कई राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले तीन दिनों में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि तटीय और दक्षिण  कर्नाटक में अगले 24 घंटों तक भारी वर्षा हो सकती है। इन जगहों के लिए आइएमडी ने अगले दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जम्‍मू कश्‍मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्‍तान और मुजफ्फराबाद में बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 16 अप्रैल और उत्तराखंड में 16 व 17 अप्रैल को ओलावृष्टि हो सकती है।  

पाकिस्तान और उसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य पाकिस्तान और उससे लगे राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इन दो सिस्टम के कारण वातावरण में नमी आ रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं धूल भरी आंधी चलने के साथ बारिश हो सकती है। इंदौर, भोपाल, जबलपुर में आंशिक बादल बने रहेंगे। साथ ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

भोपाल का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक गुरूवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य रहा। साथ ही बुधवार के अधिकतम तापमान (39.2 डिग्री सेल्सियस) की तुलना में 1.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यह बुधवार के न्यूनतम तापमान (21.2 डिग्री सेल्सियस) के मुकाबले 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

चार वेदर सिस्टम हैं सक्रिय

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि बादल बने रहने और तेज हवाएं चलने के कारण दिन के तापमान में गिरावट हो रही है। बादलों की मौजूदगी की वजह से रात का तापमान बढ़ रहा है। अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में चार वेदर सिस्टम के कारण वातावरण में नमी आ रही है। शुक्रवार को सुबह पाकिस्तान पर बने पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दाखिल होने की संभावना है। मध्य पाकिस्तान पर बना प्रेरित चक्रवात भी पश्चिमी राजस्थान पर खिसक आएगा। इस वजह से शुक्रवार को ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। प्रदेश के शेष जिलों में आंशिक बादल बने रह सकते हैं, लेकिन दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। रविवार तक पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद दिन के तापमान में कुछ गिरावट होने लगेगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.