Breaking NewsDELHI

Breaking News: दिल्‍ली में शॉपिंग मॉल्‍स, जिम, थिएटर और स्‍पा सेंटर अगले आदेश तक बंद

नई दिल्‍ली. कोरोना वायरस के चलते बेकाबू होते संक्रमण की रफ्तार को कम करने की दिशा में दिल्‍ली की केजरीवाल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. दिल्‍ली सरकार ने अगले आदेश तक शहर के शॉपिंग मॉल्‍स, जिम, सिनेमाघरों और स्‍पा सेंटर को बंद करने का निर्णय लिया गया है. विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से ये खबर आ रही है. फिलहाल इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, किसी भी मार्केट को बंद करने को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है. बता दें कि मॉल्‍स, जिम, थिएटर और स्‍पा सेंटर्स पर बड़ी संख्‍या में लोग जुटते हैं, ऐसे में कोरोना वायरस के फैलने का खतरा ज्‍यादा रहता है. इसको लेकर ही इन्हें बंद करने का निर्णय लिया गया है. इसको लेकर जल्द ही आदेश जारी हो सकते हैं.

दिल्ली को लेकर अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि अनियंत्रित हालात को काबू में करने के लिए केजरीवाल सरकार वीकएंड लॉकडाउन (Weekend Lockdown in Delhi) लगाने का ऐलान भी कर सकती है. इसका उद्देश्‍य कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ना है. बता दें कि सीएम केजरीवाल कई मौकों पर कह चुके हैं कि उनकी लॉकडाउन लगाने के हिमायती नहीं है, ऐसे में लोग सावधानी बरतें. गौरतलब है कि दिल्‍ली में पहले ही नाइट कर्फ्यू (Corona Curfew in Delhi) लगाया जा चुका है. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में वीकेंड लॉकडाउन के दौरान लोगों के घरों से बाहर निकलने पर सख्‍ती मनाही होगी. इसके अलवा बाकी दिनों के लिए नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा. वैसे अरविंद केजरीवाल सरकार कोरोना की तेजी से बिगड़े हालात से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

दिल्ली में कोरोना बेलगाम
दिल्ली में कोरोना वायरस के नए आंकड़े डराने वाले हैं. बीते 24 घंटे में कोरना के 17 282 नए मामले सामने आए हैं और 104 लोगों की मौत हुई है. इस साल पहली बार मौत का आंकड़ा 100 पार किया है. दिल्ली में पिछले चार दिनों में ही 47 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमण के मरीज मिल चुके हैं. बता दें कि मंगलवार को दिल्ली में मुंबई से भी ज्यादा कोरोना के मरीज मिले थे. बता दें कि अब दिल्ली में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 7, 67, 438 हो गई है. इनमें से 7, 05, 162 लोग स्वस्थ हो चुके हैं. वहीं, कोरोना से अब तक 11, 540 लोगों ने दम तोड़ा है.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.