BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में पहली बार आज से होगी दालों की सरकारी खरीद, किसानों को यहां कराना होगा रजिस्ट्रेशन

राज्य में पहली बार दाल की सरकारी खरीद 15 अप्रैल से शुरू होगी। सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। किसानों की सुविधा को देखते हुए अनुमंडल स्तर पर क्रय केन्द्र बनाये गये हैं। किसानों का निबंधन भी गुरुवार से ही शुरू होगा। खरीद और निबंधन की प्रक्रिया साथ-साथ चलेगी।

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेसी सिंह ने बताया कि इस बार लगभग पांच लाख क्विंटल दाल की सरकारी खरीद होगी। इसके लिए किसानों को नेफेड की साइट ‘ई समृद्धि’ पर निबंधन कराना होगा। किसान गुरुवार को ही निबंधन कर उसी दिन अपनी दाल बेच सकते हैं। दाल की खरीद राज्य खाद्य निगम 15 मई तक करेगा। 

मंत्री ने बताया कि चना और मसूर दाल की खरीद की व्यवस्था की गई है। दोनों दालों का समर्थन मूल्य 5100 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। सरकार ने दोनों दाल की खरीद के लिए लक्ष्य भी अलग-अलग तय कर दिया है। चना दाल की खरीद एक लाख 43 हजार 500 क्विंटल होगी। मसूर दाल की खरीद तीन लाख 21 हजार 500 क्विंटल होगी। 

एसएफसी दाल खरीदेगा, इसमें से कुछ भाग नेफेड का भी होगा, लेकिन पूरी खरीद एसएफसी के अनुमंडल स्तर पर बने केन्द्रों से ही होगी। उल्लेखनीय है कि सरकार ने पहले जिलास्तर पर दाल के लिए क्रय केन्द्र बनाने की व्यवस्था की थी। लेकिन बाद में किसानों की सुविधा को देखते हुए इसे अनुमंडल स्तर पर ले जाया गया। अब राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में दाल की सरकारी खरीद होगी। इससे किसानों को अपना उत्पाद बेचने के लिए बहुत दूर नहीं ले जाना होगा।

दाल की सरकारी खरीद  

  • 5100 रुपये प्रति क्विंटल है समर्थन मूल्य
  • 1.43 लाख क्विंटल चना दाल की खरीद होगी
  • 3.21 लाख क्विंटल मसूर दाल की खरीद होगी

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.