BIHARBreaking NewsSTATE

सिमुलतला की छात्रा पूजा कुमारी बनीं मैट्रिक परीक्षा की टॉपर

BSEB Matric Result: सिमुलतला आवासीय विद्यालय की पूजा कुमारी और उनकी साथी शुभाषिनी ने इस बार मैट्रिक परीक्षा में संयुक्त रूप से पहला स्थान पाया है. इन दोनों के साथ सासाराम के संदीप कुमार भी मैट्रिक परीक्षा के टॉपर घोषित किए गए हैं. बिहार बोर्ड के मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट जारी करने के बाद News 18 के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में पूजा कुमारी ने बेहतरीन रिजल्ट के लिए अपने स्कूल के शिक्षकों, वहां के शैक्षणिक माहौल और अपने पिता को धन्यवाद दिया है. पूजा ने न्यूज 18 के साथ बातचीत में कहा कि कोरोनाकाल की वजह से पढ़ाई में थोड़ी मुश्किलें जरूर आईं, लेकिन टीचर्स और पिता की मदद से उन्होंने सफलता हासिल की.

बिहार बोर्ड के चेयरमैन आनंद किशोर ने सोमवार को मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के मौके पर बताया कि बोर्ड ने इस वर्ष रिकॉर्ड समय में मैट्रिक का परीक्षाफल जारी किया है. इससे पहले वर्ष 2019 में बोर्ड ने 6 अप्रैल को रिजल्ट जारी किया था. गौरतलब है कि इस साल मैट्रिक की टॉपर्स लिस्ट में 100 से ज्यादा बच्चे शामिल हैं, जिनमें सिमुलतला आवासीय विद्यालय के 13 विद्यार्थी शामिल हैं.

आपको बता दें कि इस वर्ष बिहार में 17 फरवरी से लेकर 24 फरवरी के बीच मैट्रिक की परीक्षा ली गई थी. इसमें 16 लाख से ज्यादा छात्र और छात्राएं शामिल हुई थीं. इनमें छात्रों की संख्या जहां 8 लाख 46 हजार 663 थी, वहीं 8 लाख 37 हजार 803 छात्राओं ने परीक्षा दी थी. परीक्षा खत्म होने के 2 महीने के भीतर ही बिहार बोर्ड 5 अप्रैल को इसके परिणाम जारी कर रहा है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.