BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर : शहर को बारिश में डूबने से बचाने के लिए कच्चे नाले का सहारा लेगा नगर निगम, रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ भी बनाने का निर्देश

जलजमाव की समस्या काे लेकर बुधवार को बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि बारिश के दाैरान शहर को डूबने से बचाने के लिए जगह-जगह कच्चे नाले का निर्माण किया जाए। प्रशासन की ओर से एसडीओ ने निगम प्रशासन को अलर्ट कराया कि बेला इलाके में जमीन की प्लॉटिंग तेजी से हो रही है। बेला औद्योगिक क्षेत्र में कच्चा नाला नहीं बना तो बारिश में मिठनपुरा व बेला इलाका को और ज्यादा परेशानी हाेगी। शहर को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए पिछले माह उपमुख्यमंत्री ने बैठक की थी।

इसके आलोक में नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने विभिन्न विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें रेलवे ने बताया कि दो रेल ट्रैक के बीच मेनहोल बनाने का काम शुरू है। वहीं, रेलवे ट्रैक के विस्तार की वजह से बीबीगंज, आनंदपुरी, चित्रगुप्तपुरी समेत कई इलाके में जलजमाव से लोगों को जूझना पड़ा। नगर आयुक्त ने इस इलाके को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के संबंध में जब सिटी मैनेजर से जानकारी ली तो बताया गया कि चित्रगुप्तपुरी इलाके में कच्चा नाला बनाया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता अधिवक्ता अरुण शुक्ला ने बताया, रेलवे द्वारा एनओसी देने की बात डिप्टी सीएम की बैठक में हुई थी। निगम को रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ कच्चा नाला बनाना है। इस पर नगर आयुक्त ने भी सिटी मैनेजर को रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ कच्चा नाला बनाने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.