BIHARBreaking NewsDARBHANGASTATE

मिथिलावासियों को सौगात, दरभंगा से हैदराबाद, कोलकाता और पुणे के लिए शुरू हुई हवाई सेवा

होली के मौके पर मिथिलावासियों को इस साल बेहतर सौगात मिली है। दरभंगा एयरपोर्ट से 28 मार्च से तीन नई जगहों के लिए हवाई सेवा शुरू की गई है। स्पाइसजेट ने दरभंगा से कोलकाता, हैदराबाद और पुणे के लिए हवाई सेवा की शुरुआत की है। दरभंगा एयरपोर्ट से पूर्व से दिल्ली, मुंबई, बंगलुरु और अहमदाबाद के लिए पूर्व से ही फ्लाइट का परिचालन हो रहा है।

तीन नई जगहों के लिए फ्लाइट शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। यात्रियों की ओर से खासकर कोलकाता के लिए जल्द से जल्द हवाई सेवा शुरू किए जाने की मांग की जा रही थी। हालांकि इस खुशी के बीच एक निराशा वाली खबर यह भी है कि मुंबई के लिए प्रतिदिन अब एक ही फ्लाइट मिलेगी। इससे पूर्व दरभंगा से मुंबई के लिए दो फ्लाइट का परिचालन किया जा रहा था। स्पाइसजेट ने अब इसमें से एक फ्लाइट का परिचालन पुणे के लिए करने का निर्णय लिया है।

इधर, नई जगहों के लिए हवाई सेवा की शुरुआत के पहले ही दिन यानी 28 मार्च को दो फ्लाइट रद्द कर दी गई। हालांकि उस दिन 80 सीटर विमान कोलकाता के लिए रवाना हुआ। एयरपोर्ट डायरेक्टर विप्लव मंडल ने इसकी पुष्टि की। फ्लाइट कैंसिल करने का कारण पूछने पर उन्होंने कहा कि इसके बारे में कंपनी के अधिकारी ही बेहतर जानकारी दे सकते हैं। 
सूत्रों के अनुसार 28 मार्च को हैदराबाद से एक फ्लाइट यात्रियों को लेकर दरभंगा पहुंची। यह फ्लाइट फिर यहां से यात्रियों को लेकर पुणे गई। लेकिन यह फ्लाइट फिर पुणे से दरभंगा नहीं पहुंची। इस फ्लाइट को दरभंगा से हैदराबाद जाना था। इस प्रकार 28 मार्च को पुणे-दरभंगा और दरभंगा-हैदराबाद फ्लाइट रद्द रही। बताया जाता है कि इन दोनों फ्लाइट में बुकिंग फुल थी। एक विमान में करीब 180 यात्री सवार होते हैं। इस प्रकार दोनों फ्लाइट को अचानक रद्द कर दिए जाने से लगभग 360 यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उधर, 29 मार्च को दरभंगा एयरपोर्ट से केवल दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए ही फ्लाइट रवाना हुई। कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद और हैदराबाद की फ्लाइट रद्द रही। वहीं, 30 मार्च को कोलकाता की फ्लाइट रद्द रही। इसकी जानकारी स्पाइसजेट की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.