Breaking NewsDELHI

इस साल गर्मी कर सकती है आपको पसीने से तर, द‍िल्‍ली ही नहीं कई जगह गर्मी ने तो’ड़ा र‍िकॉर्ड, जानें मौसम का हर अपडेट

इस बार मार्च महीने में मौसम ने ज‍िस तरह से करवट ली है और गर्मी ने कई राज्‍यों में र‍िकॉर्ड तोड़ द‍िए है. इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है क‍ि गर्मी इस साल आम आदमी को पसीने में तर करने वाली है. दिल्ली में होली के दिन अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 76 वर्षों में मार्च में सबसे अधिक है. वहीं उत्तर प्रदेश में सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जो बीते 10 वर्षों में मार्च दूसरी बार सबसे गर्म रहा.

1945 के बाद द‍िल्‍ली में सबसे गर्म दिन था

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दि‍ल्‍ली के सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक है. उन्होंने कहा क‍ि यह 31 मार्च 1945 के बाद से सबसे गर्म दिन था, जब अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. श्रीवास्तव ने कहा क‍ि पिछले तीन से चार दिनों से हवा की गति कम होने और आसमान साफ होने के चलते कड़ी धूप निकलने को लेकर अधिक तापमान दर्ज किया गया. दिल्ली में 29 मार्च 1973 को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मार्च में तीसरा सबसे गर्म दिन था. आईएमडी ने कहा कि नजफगढ़, नरेला, पीतमपुरा और पूसा में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस, 41.7 डिग्री सेल्सियस, 41.6 डिग्री सेल्सियस और 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

विभाग के मुताबिक मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो, तब उसे ‘लू’ घोषित किया जाता है. वहीं, तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाने पर प्रचंड लू की घोषणा की जाती है. श्रीवास्तव ने कहा कि मंगलवार को 35 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने से अधिकतम तापमान घट कर करीब 38 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा.

जानें मौसम व‍िभाग ने कहां के ल‍िए जारी क‍िया आरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के लिए ‘आरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए इन पूर्वोत्तर राज्यों में गरज के साथ वर्षा और बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग ने दो अप्रैल तक पूर्वोत्तर भारत में तेज वर्षा होने का भी पूर्वानुमान किया है.

यूपी में गर्मी से अगले एक हफ्ते तक अभी ऐसी ही सताएगी
उत्‍तर प्रदेश में गर्मी ने बीते 10 वर्षों का र‍िकॉर्ड मार्च दूसरी बार तोड़ा है. मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बढ़ती गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है. बता दें कि बीते कुछ दिनों से तापमान में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही थी. सोमवार को बीते 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले 4 डिग्री अधिक 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. एक दशक का रिकॉर्ड देखें तो वर्ष 2017 में 30 मार्च को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल अगले एक सप्ताह मौसम में किसी तरीके के बदलाव की उम्मीद नहीं हैं. मंगलवार को भी तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. प्रदेश का सबसे गर्म शहर झांसी रहा जहां अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यही नहीं न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

हिमाचल की ऊना में सीजन का सबसे गर्म द‍िन रहा
हिमाचल प्रदेश में होली के दिन सूबे के कई जिलों में रंगों के साथ-साथ पानी भी बरसा है. कुल्लू जिले में सोमवार देर शाम जमकर बारिश हुई है. वहीं, मैदानी इलाकों में तेज हवा से परेशानी हुई. वहीं, लाहौल स्पीति के कुछ इलाकों में जहां बारिश हुई है, वहीं, बर्फबारी भी दर्ज की गई है. इससे पहले, रविवार रात से घाटी लाहौल में बर्फबारी देखने को मिली थी. मनाली के ऊंचाई वाले पर्यटन स्थल भी बर्फ के फाहों गिरे हैं. मौसम विभाग के शिमला केंद्र का कहना है कि अब तीन अप्रैल तक सूबे में मौसम साफ रहेगा. इससे पहले, ऊना में इस सीजन का सबसे अधिक रिकॉर्ड अधिकतम तापमान दर्ज हुआ है. यहां सीजन में पहली बार 35.2 डिग्री पारा दर्ज हुआ है. इससे पहले, शनिवार को यहां पर पारा 34. 3 डिग्री दर्ज हुआ था. शिमला में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री है. इसमे छह डिग्री का उछाल आया है.

हर‍ियाणा में भी तापमान में बढ़ोतरी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमीविक्षोभ व साइक्लोनिक सर्कुलेशन के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य में 21 मार्च रात्रि से 23 मार्च के बीच ज्यादातर क्षेत्रों में हवायों व गरजचमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश दर्ज की गई थी. अब राज्य में मौसम 30 मार्च तक आमतौर पर खुश्क रहने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी व रात्रि तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है. इस बार मौसम का मिलाजुला असर होने के कारण फसल की पैदावार भी मिली जुली सी ही रही है. एक सप्‍ताह के अंदर ही ज्‍यादातार जिलों में गेहूं की फसल की भी कटाई शुरू होने की उम्‍मीद है. वहीं तेज गर्मी के कारण सरसों की फसल हरियाणा में लगभग काटी जा चुकी है और निकलवाई भी जा चुकी है तो वहीं गेहूं और जौ की फसल पकाई पर है.

मध्‍य प्रदेश में चार शहरों में पारा 40 के पार पहुंचा
अप्रैल का महीना अभी शुरू भी नहीं हुआ है और गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के सभी 4 बड़े महानगरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार हो गया है. 29 मार्च को दर्ज हुए अधिकतम तापमान पर नज़र डालें तो भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज हुआ. वहीं इंदौर में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज हुआ. जबलपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री दर्ज किया गया है. राजधानी भोपाल में 29 मार्च इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है. इससे एक दिन पहले यानि रविवार को भी अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मार्च में इतना तापमान पिछले साल के रिकॉर्ड तापमान से भी ज्यादा है. इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में गर्मी और सताने वाली है. हालांकि लोगों के लिए मुश्किल यह है कि अभी तो गर्मी के करीब ढाई महीने पूरे बाकी हैं और तापमान का यही हाल रहा तो फिर और कितनी परेशानी होगी.

राजस्‍थान में गर्मी ने प्रचंड रूप द‍िखाया

राजस्थान में भी गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाने लग गई है. कई जगह दिन के वक्‍त राज्‍य में पारा 40 डिग्री और रात का 20 डिग्री सेल्सियस को पार करने लग गया है. मौसम विभाग के मुताबिक मार्च के अंतिम सप्ताह में ही गत रविवार को बाड़मेर में पारा 42.8 डिग्री को छू गया था. इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और फलौदी समेत प्रदेश के सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़ और चूरू में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था. प्रदेश के इन इलाकों में दिन के साथ ही रात के तापमान में भी लगातार इजाफा हो रहा है. लगभग सभी इलाकों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तक पहुंच रहा है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.