BIHARBreaking NewsDARBHANGASTATE

दरभंगा एयरपोर्ट का नाम विद्यापति एयरपोर्ट करने की भारत सरकार से सिफारिश करेगी बिहार सरकार

बिहार सरकार नव निॢमत दरभंगा एयरपोर्ट का नाम विद्यापति एयरपोर्ट करने की सिफारिश केंद्र सरकार से करेगी। मंगलवार को बिहार विधान परिषद में भोजनावकाश के बाद संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने यह महत्वपूर्ण एलान किया।

पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने मेज थपथपा कर किया स्वागत :

बिहार सरकार के संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने राजकीय संकल्प के तहत सदन को यह जानकारी दी। सरकार की इस घोषणा पर पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने मेज थपथपा कर स्वागत किया। राजनीतिक हलके में इस घोषणा का स्वागत होने के बाद विभिन्न सामाजिक और अन्य संगठनों द्वारा भी इसपर सकारात्मक प्रतिक्रिया आने की उम्मीद जताई जा रही है।

उड़ानों की संख्या बढ़ाने से लेकर संसाधनों में वृद्धि के लिए लगातार हो रही कोशिश :

यहां यह बता दें कि बिहार सरकार के जल संसाधन और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय झा और दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर भी अरसे से केंद्र सरकार से यह मांग करते रहे हैं। दरभंगा एयरपोर्ट की स्थापना से लेकर यहां देश के विभिन्न शहरों के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने से लेकर इस एयरपोर्ट पर उपलब्ध संसाधनों में वृद्धि के लिए भी इनकी पुरजोर कोशिश फलित होती लगातार दिख रही है।

देश के सफलतम हवाई अड्डे के रूप में उभर रहा दरभंगा एयरपोर्ट :

दरभंगा एयरपोर्ट सीमित संसाधनों के बावजूद देश के सफलतम हवाई अड्डे के रूप में उभर रहा है। खास यह है कि यात्रियों की संख्या के मद्देजनर दरभंगा एयरपोर्ट अन्य हवाई अड्डों को सीधी टक्कर दे रहा है। उल्लेखनीय है कि बीते साल आठ नवंबर को दरभंगा एयरपोर्ट से तीन रूटों पर उड़ान सेवा शुरू हुई थी। महज चार महीने में इस एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या एक लाख को पार कर चुकी है। लगभग 650 से अधिक उड़ानों में करीब सवा लाख लोगों ने दरभंगा एयरपोर्ट से आवागमन किया। वर्तमान में दरभंगा से दिल्ली, मुंबई व बेंगलुरु के लिए उड़ान उपलब्ध हैं। दिल्ली के लिए दो विमान सेवा है। 28 मार्च से तीन नए रुटों पर कोलकाता, पुणे व हैदराबाद के लिए हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी है। 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.