Breaking NewsCricketSPORTS

ऐसा ही हाल रहा तो टीम इंडिया से बाहर हो जाएंगे युजवेंद्र चहल, जानिये क्यों?

नई दिल्ली. टीम इंडिया के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal)  को एक विकेट झटकने वाला गेंदबाज माना जाता है. ये गेंदबाज बल्लेबाज को लालच देकर उसे अपने स्पिन के जाल में फंसाता है. हालांकि पिछले 15 महीनों से ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है. टी20 क्रिकेट में विकेटों की झड़ी लगाने वाले चहल को अब कामयाबी नहीं मिल पा रही और इसका सबूत है पिछले 15 महीनों में उनका रिकॉर्ड.

युजवेंद्र चहल ने पिछले 15 महीनों में बेहद ही खराब गेंदबाजी की है. ना तो विकेट ले पा रहे हैं और ना ही रन रोक पा रहे हैं. ऐसा ही चलता रहा तो टीम इंडिया में उनका अपनी जगह बचा पाना नामुमकिन होगा और टी20 वर्ल्ड कप आते-आते वो कहीं बाहर ही ना हो जाएं.

युजवेंद्र चहल की खराब फॉर्म

पिछले 15 महीनों में युजवेंद्र चहल ने महज 9 विकेट हासिल किये हैं. वहीं उनके इकॉनमी रेट में भी काफी इजाफा हुआ है जो टीम इंडिया के लिए अच्छी बात नहीं है. चहल ने जनवरी 2020 से पहले 36 टी20 मैचों में 21.9 की औसत से 52 विकेट झटके थे. लेकिन इसके बाद चहल 11 मैच में 9 ही विकेट ले पाए और उनका गेंदबाजी औसत भी 43.88 हो गया. साथ ही वो 9.3 रन प्रति ओवर लुटा रहे हैं. वनडे की बात करें तो चहल ने 2020 जनवरी से पहले 50 मैचों में 85 विकेट झटके थे लेकिन उसके बाद ये लेग स्पिनर 4 मैचों में 7 ही विकेट ले पाया और उनका इकॉनमी रेट भी 6.79 रहा. इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी चहल ने अबतक कुछ खास कमाल नहीं दिखाया है. भारत के पास अब चहल के विकल्प भी हैं. राहुल चाहर, बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल मौके की ताक में हैं. चहल ने जल्द ही कुछ नहीं किया तो उनकी जगह खतरे में तय समझिये.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.