नई दिल्ली. भारतीय बाजारों में लगातार कई सत्र से लड़खड़ा रहा गोल्ड आज कुछ संभल गया. दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार यानी 9 मार्च 2021 को सोने के भाव (Gold Price Today) में महज 35 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़त दर्ज की गई. ऐसे में बढ़त के बाद भी इसके दाम 44,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे ही बने रहे. वहीं, चांदी के दाम (Silver Price Today) आज भी 500 रुपये प्रति किग्रा से ज्यादा बढ़ गए. पिछले कारोबारी सत्र के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 43,961 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, चांदी 65,068 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजारों (International Markets) में आज गोल्ड के भाव में तेजी आई. वहीं, चांदी के दाम आज जस के तस रहे.
सोने की नई कीमतें (Gold Price, 9 March 2021) – दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को गोल्ड के भाव में 35 रुपये प्रति 10 ग्राम की मामूली तेजी आई. राजधानी दिल्ली (Delhi) में 99.9 ग्राम शुद्धता वाले सोने का नया भाव अब 43,996 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है. इससे पहले कारोबारी सत्र में सोना 43,961 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव आज बढ़कर 1,696 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया.
चांदी की नई कीमतें (Silver Price, 9 March 2021) – चांदी की कीमतों में आज भी बढ़त दर्ज की गई. दिल्ली सर्राफा बाजार में अब सफेद कीमती धातु के दाम 553 रुपये की बढ़त के साथ 65,621 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार (International Market) में आज चांदी का भाव जस का तस रहा और ये 25.50 डॉलर प्रति औंस पर बिकी.
क्यों दर्ज हुई गोल्ड में तेजी – एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities) के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में बढ़त का असर भारतीय बाजारों पर भी नजर आया. दरअसल, डॉलर की कमजोरी के कारण सोने के दाम में मामूली तेजी आई है. उन्होंने बताया कि न्यूयॉर्क के कमोडिटी एक्सचेंज में आज गोल्ड का भाव चढ़ा रहा. विशेषज्ञों का मानना है कि गोल्ड की कीमतों में 2021 में तगड़ी बढ़ोतरी होगी. सोने की कीमतों में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी तो ये 63,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर जाएगी.







Leave a Reply