Breaking NewsUTTARAKHAND

CM त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस्तीफा दे दिया है. आज शाम 4 बजे के बाद राजभवन पहुंचकर सीएम रावत ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया. इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों से जारी नेतृत्व परिवर्तन का संकट अब समाप्त होता दिख रहा है. विधानसभा चुनाव से एक साल पहले अचानक पैदा हुए इस संकट के बीच पहली बार विधायक बनने वाले धन सिंह रावत राज्य के अगले सीएम हो सकते हैं. खबर यह भी है कि उनके साथ बीजेपी नेता पुष्कर सिंह धामी को राज्य के डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.

सरकार में जारी संकट के बीच आज दोपहर बाद सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें उन्होंने राज्य के गवर्नर से मुलाकात के बाद अपना इस्तीफा सौंपने की जानकारी दी. साथ ही यह भी बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेवारी अब धन सिंह रावत को सौंप दी गई है. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम रावत के अलावा सरकार के वरिष्ठ मंत्री मदन कौशिक, धन सिंह रावत और बंशीधर भगत मौजूद थे.

इससे पहले बीजेपी नेता धन सिंह रावत को आज दोपहर आनन-फानन में देहरादून बुलाया गया. हेलिकॉप्टर भेजकर उन्हें श्रीनगर से देहरादून बुलाया गया. इसके अलावा पुष्कर सिंह धामी को भी देहरादून लाया गया. देहरादून पहुंचने के बाद धन सिंह रावत ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की. उनके साथ सरकार के वरिष्ठ मंत्री मदन कौशिक भी थे.

आपको बता दें कि सरकार में जारी संकट के बीच आज सुबह तक कहा जा रहा था कि संभवतः मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को कुर्सी नहीं छोड़नी पड़ेगी. लेकिन पल-पल बदलते राजनीतिक हालात के बीच दोपहर बाद सीएम रावत के गवर्नर से मिलने के बाद इस्तीफा देने की बातें सामने आने लगीं. इसके साथ ही धन सिंह रावत के मुख्यमंत्री बनने और पुष्कर धामी को डिप्टी सीएम के पद पर बिठाने की चर्चाएं भी सियासी गलियारों में तैरने लगी थीं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.