नई दिल्ली. समय के साथ सोशल मीडिया (Social Media) एक ऐसा माध्यम बन गया है, जिसके जरिये जरूरतमंदों तक मदद भी पहुंच रही है. ऐसे कई उदाहरण पहले देखने को मिल चुके हैं. अब ऐसा ही एक मामला मुंबई (Mumbai) में सामने आया है. यहां एक 74 साल के ऑटो रिक्शा चालक देशराज को सोशल मीडिया के जरिये चलाए गए अभियान के तहत 24 लाख रुपये दान में मिले हैं. दरअसल कुछ रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने अपनी पोती को दिल्ली में पढ़ाने के लिए अपना घर तक बेच दिया था.
मुंबई के ऑटो रिक्शा चालक देशराज की दिल का छू लेने वाली स्टोरी को ह्यूमंस ऑफ बॉम्बे संस्था ने अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है. देशराज की इस स्टोरी को लोगों ने काफी पसंद किया. इसके बाद यह जल्द ही वायरल हो गया. इस दौरान देशराज के लिए ऑनलाइन डोनेशन के लिए अभियान शुरू किया गया. इसके तहत उनके लिए 20 लाख रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया. लेकिन उनके लिए कुल 24 लाख रुपये एकत्र हो गए. अब इस पूरी रकम को हाल ही में उन्हें चेक के रूप में सौंप दिया गया है.
दरअसल ह्यूमंस ऑफ बॉम्बे ने अपने फेसबुक पेज पर देशराज की एक प्रोफाइल बनाई. इसके बाद उसमें उनकी स्टोरी को शेयर किया. देशराज इस समय अपने परिवार के एकलौते कमाने वाले हैं. वह 74 साल की उम्र में ऑटो रिक्शा चलाकर पैसे कमाते हैं. उनके दो बेटे थे. दोनों की मौत हो चुकी है. अब उनके परिवार में वह, उनकी पत्नी, बहू और चार पोते-पोती हैं. कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्होंने अपनी पोती को दिल्ली में पढ़ाने के लिए अपना घर भी बेच दिया.
24 लाख रुपये मदद के रूप में मिलने के बाद ह्यूमंस ऑफ बॉम्बे ने अपने पेज पर लिखा, ‘जो समर्थन देशराज को मिला है, वह अतुल्नीय है. जैसा कि आप लोग उनकी मदद को आगे आए है, ऐसे में उन्हें एक छत मिल गई है और वह अब अपनी पोती को भी पढ़ा पाएंगे.’






Leave a Reply