सीतामढ़ी। जगत जननी माता जानकी की जन्मभूमि सीतामढ़ी की मिट्टी में उपजी हरी-ताजी सब्जियां उनकी ससुराल अयोध्या तक अपनी खूशबू बिखरेगी। सब्जियों की मार्केटिग वैसे तो देश के प्रमुख शहरों तक होगी लेकिन, अयोध्या सब्जी भजने के लिए किसान के साथ प्रशासनिक पदाधिकारी भी काफी उत्साहित हैं। कल तक औने-पौने दाम में बिक रही सब्जियों की अब ब्रांडिग की तैयारी है। अब न सिर्फ जिले के किसानों की सब्जी का सही भाव मिलेगा बल्कि, आम-अवाम भी ताजी सब्जी उचित मूल्य पर सीतामढ़ी में खरीद सकेंगे। डीपीआरओ परिमल कुमार ने कहा कि डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा की पहल पर जिले के 15 प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड का निबंधन हो गया है। रुन्नीसैदपुर एवं बेलसंड में सब्जी उत्पादक सहयोग समिति के माध्यम से सब्जी की खरीद शुरू की जा चुकी है। डीपीआरओ ने बताया कि रुन्नीसैदपुर में 85 लाख रुपये की सब्जी की खरीद एक दिन पहले ही हुई है। प्रशासनिक स्तर पर खरीदी गई सब्जियों की मार्केटिग लोकल स्तर पर तो होगी ही, मुजफ्फरपुर, दिल्ली, झारखंड भी सब्जी की खेप भेजी जाएगी। डीपीआरओ ने यह भी कहा कि प्रशासन तो चाहता है कि यहां की सब्जी सीता मां की ससुराल अयोध्या भी भेजी जाए।
———————————- -अब तक 15 प्रखंडों में सब्जी खरीद के लिए निबंधन जिले के 17 में से 15 प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड का निबंधन किया जा चुका है। शेष दो प्रखंडों में भी निबंधन की प्रक्रिया प्रारंभ है। जिलाधिकारी के विशेष निर्देश पर बेलसंड एवं रुनीसैदपुर में किसानों से सब्जी खरीद शुरू है। किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। सब्जी उत्पादक किसानों के द्वारा उपजाई गई सब्जी का लाभकारी मूल्य प्रदान करने तथा आम जनता को उचित भाव व सहजता से सब्जी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा सहकारिता विभाग के माध्यम से बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं वितरण योजना प्रारंभ की गई है। जिलाधिकारी की विशेष पहल पर इस योजना को जिले के सभी प्रखंडों में धरातल पर उतारने को लेकर तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
——————————–
अफसरों को आदेश, उर्वरक, बीज तथा कीटनाशक की अनुज्ञप्ति में न हो कोई दिक्कत रुन्नीसैदपुर प्रखंड सब्जी उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड के अध्यक्ष सुजीत राज ने बताया कि उनकी समिति के सब्जी उत्पादक सदस्य अपनी सब्जी की बिक्री के पश्चात उचित मूल्य मिलने से काफी खुश हैं। रुन्नीसैदपुर में 85 लाख रुपये से भी अधिक की सब्जी किसानों से खरीदी जा चुकी है। जिला पदाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी तथा जिला सहकारिता पदाधिकारी को जिले के सभी सब्जी उत्पादक सहयोग समितियों को तत्काल उर्वरक, बीज तथा कीटनाशक की अनुज्ञप्ति प्रदान करने का भी निर्देश दिया है ताकि, किसान और बेहतर तरीके से सब्जी का उत्पादन कर खुशहाल हो सकें। जिलाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि शेष सभी प्रखंडों में सब्जी उत्पादक सहयोग समिति को शीघ्र ही क्रियाशील कर सब्जी उत्पादक किसानों के उत्पाद की पूरी सहजता के साथ खरीद करें ताकि, उनकी उपज का सही मूल्य मिल सके एवं उनकी आय में वृद्धि हो सके।
———————-
कोट तमाम पदाधिकारियों की यहीं कोशिश है कि किसानों की उनकी उपज का वाजिब दाम मिले, उनका हौसला बुलंद रहे। बिहार सरकार द्वारा सहकारिता विभाग के माध्यम से बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं वितरण योजना प्रारंभ की गई है। किसानों के साथ आम जनता को ताजी सब्जी उचित भाव में मिले इसके लिए खरीदगी की प्रशासनिक व्यवस्था की गई है।
अभिलाषा कुमारी शर्मा, डीएम।






Leave a Reply