मुंबई. देश के किसान दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 2 महीनों से ज्यादा दिनों से बैठे हैं. नए कृषि कानूनों के विरोध में जारी किसान आंदोलन (Farmers Protest) की गूंज अब सिर्फ दिल्ली की सीमाओं पर नहीं विदेशों में भी गूंज रही हैं. पॉप स्टार रिहाना (Rihanna) के ट्वीट के बाद कई हॉलीवुड सेलेब्स ने ट्वीट किए जिसके बाद बॉलीवुड की तरफ से भी प्रतिक्रिया आने शुरू हो गईं. बॉलीवुड में कुछ लोगों को विदेशी सेलेब्स का इस तरह ये मामला उठाना पसंद आया तो किसी को ये बिलकुल पसंद नहीं आया. रामानंद सागर की रामायण में ‘लक्ष्मण’ का किरदार निभाने वाले एक्टर सुनील लहरी (Sunil Lahri) ने रिहाना समेत सभी विदेशियों को ललकारा है, जिन्होंने भारत के इस मुद्दे पर सवाल खड़े किए हैं.
सुनील लहरी (Sunil Lahri) सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. सुनील लहरी ने ट्वीट करते हुए रिहाना सहित अन्य विदेशी सेलिब्रिटीज (Foreign Celebrities) को इस मामले से दूर रहने की हिदायत दी है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘रिहाना या किसी और विदेशी को हमारे देश के किसान आंदोलन या किसी भी मामले में दखल देने का कोई अधिकार नहीं है. अपनी प्रॉब्लम को सॉल्व करने के लिए हम सक्षम है’.
सुनील से पहले ‘रामायण’ में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल ने इस मामले पर नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा था- ‘भारत कृषि प्रधान और सर्वे भवंतु सुखिनः के आदर्श पर चलने वाला श्रीराम का देश है. हमारे देश की सरकार और प्रधानमंत्री को अपने घरेलू विवाद समझने सुलझाने की पूरी समझ है. किसान आंदोलन के मुद्दे पर रेहाना या किसी भी विदेशी व्यक्ति या देश को इसमें हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है.’
आपको बता दें कि नए कृषि कानूनों को लेकर चल रहे किसान आंदोलन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिक्स रिस्पॉन्स मिल रहा है. रिहाना, मियां खलीफा और ग्रेटा थनबर्ग जैसे लोगों द्वारा किसान आंदोलन के पक्ष में ट्वीट किया था. वहीं, ग्रेटा के ‘टूल किट’ ट्वीट ने इस पूरे मुद्दे का रुख ही बदल दिया था, हालांकि उसे तुरंत ही डिलीट कर दिया था, लेकिन तब तक वो ट्वीट और उसकी जानकारी सार्वजनिक हो गई थी, जिसके बाद सवाल उठने लगे थे.






Leave a Reply