भारत में आज 72वें गणतंत्र दिवस की धूम है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज सुबह राजपथ पर तिरंगा फहराएंगे। परंपरा के मुताबिक, झंडा फहराने के बाद राष्ट्रगान और 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। उसके बाद राजपथ पर देश के अदम्य शौर्य का प्रदर्शन किया जाएगा और दुनिया भारत की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखेगी। इस बीच लद्दाख में आईटीबीपी के जवान भी इस दिन को मना रहे हैं। उनका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह बर्फ की मोटी परत पर खड़े तिरंगा लिए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते दिख रहे हैं। एक वीडियो में आईटीबीपी के 9 जवान हाथ में तिरंग लिए लद्दाख में आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।
कोरोना की वजह से इस बार का गणतंत्र दिवस कई मायनों में अलग और बदला सा होगा। कोरोना की वजह से इस बार देश के 72वें गणतंत्र दिवस पर कोई विदेशी मेहमान बतौर चीफ गेस्ट नहीं होगा। दशकों बाद ऐसा पहली बार हो रहा है, जब इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर किसी भी देश के सरकार का प्रमुख हमारे गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल नहीं हो रहा है।
इधर, दिल्ली में गणतंत्र दिवस के अलावा किसान आंदोलन भी जोर पर है। राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड समाप्त होने के बाद किसान दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे। इस मार्च के दौरान यातायात और कानून-व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त संख्या में दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। एक ओर किसानों की तरफ से व्यवस्था संभालने के लिए वालंटियर तैनात किए गए हैं, वहीं अर्द्धसैनिक बलों को भी अलर्ट रखा गया है।







Leave a Reply