BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर : पारा 6 डिग्री पर पहुंचा, अभी शीतलहर झेलने के लिए रहिए तैयार

Muzaffarpur Weather Forecast: डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए सत्तार ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों तक कोल्ड वेव एवं शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान सुबह में मध्यम से घना कुहासा छाएगा। तीन दिनों के बाद तापमान में वृद्धि होगी। जिससे लोग राहत महसूस करेंगे। इस अवधि में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से 16 एवं 17 जनवरी को पछिया हवा चलेगी उसके बाद पुरबा हवा चलने की संभावना है। शुक्रवार की सुबह कुहासे का असर दिखा। सुबह से लेकर दोपहर तक राहगीर परेशान होते रहे। हल्की धूप निकली लेकिन राहत नहीं मिली। शीतलहर का प्रभाव रहा। इस बीच अधिकतम तापमान 11.8 एवं न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस पर जाकर थमा।

तापमान का टूट रहा रिकार्ड

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पिछले 20 वर्षों के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2003 में इस तिथि को अधिकतम तापमान 10.0 एवं न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। लगभग 19 वर्षों के बाद शुक्रवार का रिकॉर्ड अधिकतम तापमान 11.8 एवं न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस कम है, वहीं न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है ।

डॉ. सत्तार ने किसानों को सुझाव दिया है कि अपने खेतों में नमी बनाए रखें जिससे कम तापमान की फसलों पर कुप्रभाव से बचाया जा सके। इसके साथ पशुओं को ठंड से बचाने का उपाय करें। वहीं सदर अस्पताल के वरीय चिकित्सक डॉ. एसके पांडेय ने कहा कि अभी के मौसम में ठंड से बचें। गर्म पानी का सेवन करें। अगर आप बीपी व मधुमेह की दवा ले रहे हैं तो उसको नहीं छोडऩा चाहिए। सुबह टहलने नहीं निकलें।  

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.