BIHARBreaking NewsSTATE

जब सेना की वर्दी में धोनी पहुंचे फॉर्म हाउस, किया ये काम

रांची. क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के रांची स्थित इजा फार्म हाउस का नजारा इन दिनों बदला-बदला सा नजर आ रहा है. दुबई से छुट्टियां बिताकर 4 जनवरी को अपने घर रांची लौटने के बाद फलों के शौकीन धोनी ने अपने फार्म हाउस में काफी समय बिताया. इस दौरान धोनी ने फार्म हाउस के पॉलीहाउस में तरबूज (Watermelon) के बीज के जर्मिनेशन का भी जायजा लिया. धोनी के फार्म हाउस में इस बार तरबूज की भी खेती की तैयारी है. जानकारी के मुताबिक धोनी ने अपने हाथों से US-2208 किस्म के तरबूज के बीज का जर्मिनेशन किया.

बता दें कि धोनी के फार्म हाउस में इस समय पपीता, स्ट्रॉबेरी और अनानास के भी पौधे लगाए गए हैं. इनमें से स्ट्रॉबेरी बाजार में भी भेजे जा रहे हैं. अपने 43 एकड़ के फार्म हाउस में धोनी ने कई तरह की सब्जियों के साथ-साथ फलों की भी बड़े पैमाने पर खेती की है.

4 एकड़ में अनानास की खेती
धोनी के कृषि सलाहकार रोशन की माने तो कई तरह के प्रोजेक्ट सिर्फ माही के आने के इंतजार में रुके हुए थे. इसमें तरबूज की खेती भी एक थी. हालांकि कुछ दिन पहले ही करीब 4 एकड़ के क्षेत्र में फार्म हाउस में अनानास की खेती भी की गई है. इसके पीछे यह तर्क दिया गया है कि अनानास के पौधों को पानी की कम जरूरत पड़ती है. लिहाजा फार्म हाउस के बंजर इलाके में अनानास के पौधे लगाए गए हैं.

तरबूज के बीज के जर्मिनेशन का जायजा लेते समय धोनी सेना की वर्दी में थे. उनके साथ रणजी खिलाड़ी रहे मिहिर दिवाकर भी फार्म हाउस में मौजूद थे. फिलहाल मिहिर दिवाकर ही धोनी के क्रिकेट कोचिंग एकेडमी का पूरा कार्यभार देख रहे हैं. मिहिर के मुताबिक फॉर्म हाउस में बिल्कुल गांव जैसा माहौल है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.