BIHARBreaking NewsSTATEUTTAR PRADESH

उत्‍तर भारत में कड़ी ठंड तो यूपी-बिहार में क्‍यों पड़ रही गर्मी?

नई दिल्‍ली : जनवरी के मौसम में जहां दिल्‍ली-एनसीआर (Delhi-NCR Weather) समेत उत्‍तर भारत (North India) के कई राज्‍य बेहद ठंड का सामना कर रहे हैं, वहीं उत्‍तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों से लेकर बिहार और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम में काफी गर्मी देखी जा रही है. जनवरी के पहले सप्‍ताह में जब ठंड अपने चरम पर होती है, ऐसे में इन जगहों पर मौसम का गर्म रहना, लोगों में चिंता पैदा कर रहा है. उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और पटना (Patna) समेत बिहार (Bihar) के कई हिस्सों में मौसम के अपेक्षाकृत गर्म रहने और आने वाले समय में यहां मौसम कैसा रहेगा, इसको लेकर न्‍यूज18 हिंदी डिजिटल ने मौसम विशेषज्ञ से जाना. आइये जानिए…

हवाओं के आगे बढ़ने पर वह हुईं कमजोर…

मौसम संबंधी विश्‍लेषण एवं पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी कंपनी स्‍काईमेट के वाइस प्रेजिडेंट एवं मुख्‍य विज्ञानी महेश पालावत ने बताया कि इसका एक बड़ा कारण यह है कि नॉर्थ इंडिया में पश्चिमी विक्षोभ काफी मजबूत रहा, जिसकी वजह से 27 और 28 दिसंबर एवं 2 से 5 जनवरी के बीच पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हुई. विक्षोभ में जो बर्फीली हवाएं चलती हैं वो उत्‍तर भारत को ज्‍यादा इफेक्‍ट करती हैं. यह ज्‍यादातर पंजाब, हरियाणा, राजस्‍थान, दिल्‍ली, उत्‍तर प्रदेश मध्‍य तक के इलाकों को ज्‍यादा प्रभावित करती हैं, लेकिन जब यह हवाएं आगे बढ़ती हैं तो वह कमजोर हो जाती हैं और उनमें ठंडक कम रह जाती है. यानि पूर्वी उत्‍तर प्रदेश, बिहार तक पहुंचते-पहुंचते इन हवाओं में कम ठंडक रह गई.

इस वजह से पूर्वी यूपी-बिहार में मौसम बना रहा गर्म
उनके अनुसार, अगर हम इस दौरान उत्‍तर भारत के इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली, राजस्‍थान, यूपी के कुछ भूभाग में बारिश ज्‍यादा रही. आसमान में बादल भी छाए, जिससे यहां तापमान कम रहा और ठंड बनी रही, लेकिन अगर हम लखनऊ से लेकर गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी और बिहार के पटना और उसके आगे क्षेत्रों की बात करें तो यहां के इलाके शुष्‍क रहे. यहां बूंदाबांदी बेहद कम रही. सूरज निकला रहा, जिससे मौसम गर्म बना रहा.

विपरित चक्रवाती हवाओं ने भी डाला असर…
इन जगहों पर मौसम गर्म रहने की एक वजह यह भी है कि एंटी साइक्‍लोन यानि विपरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र, जो मध्‍य भारत के आसपास रहता है, वह उड़ीसा और उसके आसपास आ गया था, इसलिए भी यहां मौसम में गर्मी रही. दरअसल, चक्रवाती हवाएं जब विपरित दिशाओं में होती हैं और वह नीचे की तरफ आती हैं तो गर्म होती हैं. इससे वेदर क्‍लीयर होता है और ठंडक नहीं रहती. लेकिन जब चक्रवाती हवाएं ऊपर की तरफ उठती हैं तो वहां मौसम ठंड होता है

जल्‍द लौटने वाली है ठंड…
विज्ञापनnullउन्‍होंने यह भी बताया कि हालांकि सर्दी के मौसम का आनंद नहीं ले सके इन क्षेत्रों के लोगों के लिए अब खुशखबरी भी है, क्‍योंकि बीते रविवार से यूपी और बिहार के इलाकों में ठंड के मौसम में काफी सुधार देखा जा रहा है. यहां अभी तक जो अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, उसमें गिरावट देखी गई है.

हवा की रफ्तार में आई तेजी
इसके साथ ही पिछले 24 घंटों में न्‍यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है. अगर इस ओर देखें तो यह यूपी के बरेली में 6 डिग्री से शुरू होकर लखनऊ के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट तक देखा जा रहा है. वहीं, बहराइच और गोरखपुर में पारा 3 डिग्री सेल्सियस से अधिक तक गिरा है. अब यूपी, बिहार और मध्‍य भारत के कुछ इलाकों में अगले 3 से 4 दिन में अच्‍छा खासा तापमान गिरेगा. अच्‍छी बात यह भी है कि अब उत्‍तर भारत में हवा की रफ्तार तेज है. यह पंजाब से लेकर बिहार और झारखंड तक 15 से लेकर 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक चल रही है. इस वजह से इन इलाकों में ठंडी तेज और असरदार हवाएं पहुंचेंगी, जिससे यहां ठंड का असर देखने को मिलेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.