लखनऊ. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने शनिवार को लखनऊ में बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि मैं नहीं लगवाऊंगा बीजेपी की कोरोना वैक्सीन, क्योंकि मुझे बीजेपी पर भरोसा नहीं है. अखिलेश ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि जो सरकार ताली और थाली बजवा रही थी, वो वैक्सीनेशन के लिए इतनी बड़ी चेन क्यों बनवा रही है. ताली और थाली से ही कोरोना को भगवा दें ना. उन्होंने कहा, “मैं अभी कोरोना वायरस की वैक्सीन नहीं लगवाऊंगा. मैं बीजेपी की वैक्सीन पर कैसे भरोसा कर सकता हूं. जब हमारी सरकार बनेगी तो सभी को मुफ्त वैक्सीन मिलेगी. हम बीजेपी की वैक्सीन नहीं लगवा सकते हैं.”
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गंगा जमुनी तहजीब एक दिन में नहीं बनी है, इसे बनने में हजारों साल लगे हैं. मैं बहुत धार्मिक इंसान हूं, मेरे घर के अंदर मंदिर है और मेरे घर के बाहर भी मंदिर है. भगवान राम सभी के हैं, पूरी दुनिया के हैं. उन्होंने आगे कहा कि सरकार को अयोध्या के किसानों की भी सुननी चाहिए, जिनकी जमीनें अधिग्रहित कर ली गई हैं. उन्होंने आगे कहा कि अभी अयोध्या में सिर्फ दो दिन दिवाली मनाई जा रही है. अगर हमारी सरकार आई तो अयोध्या में पूरे साल दिवाली मनेगी. हमारी सरकार आई तो अयोध्या में नगर निगम का कोई टैक्स नहीं लगेगा.

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर झूठे वादे करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में देश ने बेहद मुश्किल दिन देखे हैं. इतने खराब और काले दिन हम लोगों ने कभी नहीं देखे थे. वहीं एक आईपीएस अधिकारी ने एक व्यापारी को मरवा दिया. सरकार झूठे मुकदमे के नाम पर लोगों से वसूली कर रही है.





Leave a Reply