BIHARBreaking NewsSTATE

कड़ाके की शीतलहर की च’पेट में बिहार, मुजफ्फरपुर सहित 26 जिलों में ठंड को ले ऑरेंज अ’लर्ट जारी

बिहार में रविवार इस सर्दी में सबसे ठंडा दिन है। शनिवार को भी ठंड का कहर चरम पर रहा। राज्‍य के 26 जिले शीतलहर से ठिठुर रहे हैं। हालात को देखते हुए पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार की सुबह तक के लिए साढ़े आठ बजे तक शीतलहर वाले 26 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संजय कुमार के अनुसार बर्फीली हवाओं की गति तेज होने से राज्‍य भीषण ठंड के चपेट में है। पिछले दो दिनों से राज्य का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रह रहा है।

लगातार चौथे दिन तापमान में आई भारी गिरावट

उत्तर पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण बिहार में लगातार चौथे दिन तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। आंकड़ों की बात करें तो शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान ढाई डिग्री नीचे इस साल के न्‍यूनतम स्‍तर छह डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। राज्‍य में सर्वाधिक ठंड गया में रिकार्ड किया गया, जहां का तापमान 3.6 डिग्री तक जा गिरा। शनिवार को गया में 24 घंटे के दौरान तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई। भागलपुर में 8.6 एवं पूर्णिया में 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले एक सप्‍ताह तक ठंड और बढ़ने की उम्‍मीद है।

राज्‍य के 26 जिलों में शीतलहर, ऑरेंज अलर्ट जारी

शीतलहर की बात करें तो राज्‍य के 26 जिले इसकी चपेट में हैं। शनिवार को गया में अधिकतम 14 किमी प्रति घंटे तो पटना में आठ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। कड़ाके की ठंड तथा हवा की चुभन के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्‍य के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, प. चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण एवं गोपालगंज जिले शीतलहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट मौसम में आए बदलाव को लेकर सर्तकता के लिए जारी किया जाता है, जो रेड अलर्ट की खतरनाक स्थिति के पहले की स्थिति है।

अभी और गिरेगा पारा, रात में पड़ेगी भीषण ठंड

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी और पारा गिरेगा। फिलहाल एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है। ऐसे में दिन एवं रात के तापमान में काफी अंतर होगा। दिन में धूप निकलने के कारण तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है लेकिन रात में भीषण ठंड जारी रहने के आसार हैं।

प्रशासनिक स्‍तर पर जगह-जगह अलाव की व्‍यवस्‍था

बहरहाल, तापमान गिरने से ठंड का असर और गहराता दिख रहा है। लोग घरों में ही रहने को प्राथमिकता दे रहे हैं। जिलों में प्रशासनिक स्‍तर पर जगह-जगह अलाव की व्‍यवस्‍था भी की गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.