BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्‍टेडियम के साथ ही होगी वर्ल्‍ड लेवल स्पोर्ट्स एकेडमी

राजगीर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के साथ ही स्पोर्ट्स एकेडमी का भी निर्माण हो रहा है। इस एकेडमी में फुटबॉल, हॉकी, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, हैंडबॉल, स्वीमिंग समेत दो दर्जन से अधिक खेल गतिविधियां हो सकेंगी। स्पोर्ट्स  एकेडमी में अंतरराष्ट्रीय मानकों का इस्तेमाल सुनिश्चित हो इसके लिए कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से खेल संघों के साथ बैठक की गई।

 पिछले दिनों राजगीर में ही 22 खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें खेल संघ के पदाधिकारियों ने अपने-अपने खेल से जुड़े निर्माणाधीन स्टेडियम का जायजा लिया और जरूरी सुझाव दिए।

 विभाग के प्रधान सचिव रवि परमार ने बताया कि खेल संघ के पदाधिकारियों को बुलाने का मकसद यह था कि ओलंपिक संघ के मानकों का ख्याल रखा जाए। इसके साथ ही आउटडोर व इनडोर स्टेडियम में लगने वाले खेल उपकरण भी मानक के अनुरूप हों।

 बैठक में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के खेल निदेशक संजय सिन्हा, खेल प्राधिकरण के निदेशक अरुण कुमार, पटना और नालंदा जिले के खेल पदाधिकारी समेत दो दर्जन से अधिक खेल संघों के अध्यक्ष और सचिव उपस्थित थे।

बीसीसीआइ के मानक पर बन रहा क्रिकेट स्टेडियम

राजगीर में बनने वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) के मानक पर बन रहा है। करीब दो साल पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने क्रिकेट स्टेडियम और स्पोट्र्स एकेडमी के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया था। इस स्टेडियम के बनने के बाद बिहार में भी आइपीएल समेत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों का आयोजन संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.