BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में किसी BJP नेता को बढ़ने नहीं दे रहे थे सुशील मोदी, इसलिए पार्टी ने काटा पत्ता: शिवानंद तिवारी

पटना. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी (Shivanand Tiwari) अपने बयानों की वजह से एक बार फिर चर्चा में हैं. राहुल गांधी के खिलाफ तीखी टिप्पणी के बाद अब शिवानंद तिवारी ने बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी (Sushil Kumar Modi) पर निशाना साधा है. शिवानंद तिवारी ने कहा है कि सुशील मोदी बिहार में भाजपा (BJP) के किसी अन्य नेता को आगे नहीं बढ़ने दे रहे थे, इसलिए पार्टी (भाजपा) ने उनका पत्ता काट दिया.

तिवारी ने कहा कि इस बार बिहार में बीजेपी की सीटें जेडीयू से भी ज्यादा हैं. नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया गया है, लेकिन सुशील मोदी का पार्टी ने पूरी तरह से पत्ता काट दिया है. क्योंकि सुशील कुमार मोदी की भूमिका बीजेपी में कम और नीतीश कुमार के सहयोगी के रूप में अधिक हो गई थी. मुझे लगता है कि इसी वजह से बीजेपी ने उन्हें किनारे कर दिया. सुशील मोदी बिहार में दूसरे बीजेपी के नेताओं को उठने नहीं दे रहे थे. वह रोजाना सभी विषयों पर बोलते थे और अखबार/टीवी में हमेशा बने रहना चाहते थे.

शिवानंद तिवारी ने कहा कि सुशील कुमार मोदी से मेरी कोई दुश्मनी नहीं है, वह मेरे छोटे भाई की तरह हैं, लेकिन उनके व्यक्तित्व में गहराई की कमी है. मुझे लगता है कि यही कारण है कि बीजेपी नेतृत्व ने उन्हें इस बार राज्य मंत्रिमंडल में पद नहीं दिया है.

तिवारी पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
आपको बता दें कि आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने बिहार में महागठबंधन के हारने पर कहा था कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का खराब प्रदर्शन महागठबंधन के लिए बाधा बना है. टीवी चैनलों पर तिवारी का यह बयान प्रसारित होने के बाद राजद से उन्हें बाहर किए जाने की मांग उठने लगी है. इसके बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने उनको सोच समझकर बोलने की नसीहत दी है.

तिवारी ने कहा था कि गठबंधन के लिए कांग्रेस बाधा बनी है. कांग्रेस ने चुनाव 70 सीटों पर लड़ा, लेकिन 70 रैलियां भी नहीं की. चुनाव के वक्त राहुल गांधी पिकनिक मना रहे थे. इसलिए बिहार में कांग्रेस और महागठबंधन की सीटें कम आई हैं. तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी केवल तीन दिन के लिए बिहार आए और प्रियंका गांधी तो आई ही नहीं.

उन्होंने कहा कि जिन लोगों को बिहार से सरोकार नहीं था, वे लोग यहां आए. राजद नेता ने कहा कि जब चुनाव पूरे जोर-शोर से चल रहा था, तब राहुल गांधी शिमला में प्रियंका के साथ पिकनिक मना रहे थे. तिवारी के इस बयान की कांग्रेस नेताओं ने जमकर आलोचना की थी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.