पटना. बिहार में अब सरकार गठन की कवायद शुरू हो गई है. नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे या नहीं इस पर भी चर्चा हो रही है. किस पार्टी के कितने नेता मंत्री बनेंगे इस पर भी कयासबाजी तेज है. इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) विधानसभा चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों और कार्यकर्ताओं से मिलने JDU दफ़्तर पहुंचे. चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष जब पहली बार हाथ जोड़ते हुए जेडीयू दफ्तर में दाखिल हुए तो कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार का जोरदार अभिवादन किया. बताया जा रहा है कि यहां उन्होंने वर्तमान राजनीतिक स्थितियों को देखते हुए अपने विधायकों के के साथ मंथन किया.
सीएम नीतीश JDU विधायकों के साथ-साथ पार्टी प्रकोष्ठ के नेताओं से भी मुलाकात की. चुनाव परिणाम के बाद पहली बार नीतीश कुमार से मुलाकात करने वालों में सांसद आरसीपी सिंह, विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी, मंत्री संजय झा शामिल थे. इस दौरान जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह एवं कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी भी मौजूद रहे. इनके अलावा मंत्री श्रवण कुमार भी मौके पर उपस्थित थे.
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2020) के नतीजे आने के बाद राजनीतिक दल सरकार गठन की कवायद में जुट गए हैं. इसे लेकर बैठकों का सिलासला जारी है. जोड़-तोड़ की कोशिशों की भी चर्चा है. वहीं, दीपावली के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की बात कही जा रही है.
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कांग्रेस विधायकों को नीतीश कुमार के साथ आने का ऑफर दिया है. वहीं बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के परिणाम की घोषणा के बाद राज्यपाल फागू चौहान को बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास ने निर्वाचित सदस्यों की सूची सौंप दी.




Leave a Reply