BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

कड़ी सुरक्षा के बीच तिरहुत स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के लिए आज होगी वोटों की गिनती

मुजफ्फरपुर। तिरहुत स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए गुरुवार 12 नवंबर को कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती की जाएगी। इसके लिए एमआइटी में मतगणना केंद्र बनाया गया है। सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। मतपत्रों की गिनती पूरी होने के बाद देर शाम दोनों निर्वाचन क्षेत्र के 22 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला लोगों के सामने आएगा। इधर, बुधवार को मतगणना केंद्र पहुंचकर प्रमंडलीय आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी पंकज कुमार ने वहां की तैयारियों का जायजा लिया। मतगणना टेबल पर की जाने वाली व्यवस्था व सुरक्षा को लेकर पदाधिकारियों को कई बिदुओं पर निर्देश दिए। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने भी अपने स्तर से सुरक्षा व्यवस्था व तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद मतगणना कार्य को लेकर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आयोग से जारी निर्देश से सभी को अवगत कराया। 22 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला : विधान परिषद चुनाव के शिक्षक क्षेत्र से 10 व स्नातक निर्वाचन से 12 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। 22 अक्टूबर को मतदान हुए थे। तिरहुत स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के तहत वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी व शिवहर जिले के मतदाता मतदान किए थे।

14 मतगणना टेबल की

व्यवस्था, पचास-पचास का बनेगा बंडल

मतगणना प्रक्रिया में मतपत्रों की गणना, मिश्रित पद्धति से की जाएगी। इसके तहत सबसे पहले मतदान केंद्र वार मतपत्रों की केवल संख्यात्मक गिनती होगी। सभी मतपत्रों के बंडल को मिश्रित किया जाएगा। उसके बाद मतपत्रों की गणना प्रत्याशी वार होगी। इसके लिए मतगणना कक्ष में 14 मतगणना टेबल की व्यवस्था की गई है। इन टेबलों पर मतपत्रों की गिनती होगी। इसके अतिरिक्त एक टेबल सहायक निर्वाची पदाधिकारी का होगा। मतपेटी सील व सही सलामत है, इसे मतगणना अभिकर्ता को दिखा देंगे। इसके बाद सील तोड़कर उसे खोलेंगे। फिर सभी मतपत्रों को निकालकर टेबल पर रखेंगे। मतपेटी को मतगणना अभिकर्ता को अच्छी तरह दिखा देंगे कि उसमें एक भी मतपत्र नहीं है। इसके बाद सभी मतपत्रों को संख्यात्मक गिनती की जाएगी। उसे फोल्ड करने के बाद पचास-पचास मतपत्रों का बंडल बनाया जाएगा। सहायक निर्वाची पदाधिकारी के सामने ड्रम में रखे गए मतपत्रों के बंडलों को मिला दिया जाएगा। सहायक निर्वाची पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक मतगणना टेबल के मतगणना पर्यवेक्षक को 50 मतपत्रों का दस बंडल प्रत्याशी वार गणना करने के लिए दिया जाएगा। इसके बाद पर्यवेक्षक को प्रत्याशी वार प्रथम वरीयता के आधार पर गणना के लिए पांच सौ मतपत्र दिए जाएंगे। मतपत्रों की गिनती वोटों की वरीयता के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.