रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को राघोपुर में महागठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली 15 साल के शासन में उनके ऊपर कोई दाग नहीं लगा। कम से कम 15 साल की शासन वाली नीतीश सरकार ने चारा तो नहीं खाया। हमारी सरकार जात-पात एवं हिदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं करती है। हमारी सरकार समाज के हर तबके को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। आज मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत को सम्मान के साथ लोग देखते हैं। मोदी जी के नेतृत्व में भारत के सेना का मनोबल ऊंचा हुआ है। हम किसी दूसरे देश की एक इंच जमीन ना तो लेंगे और ना ही अपनी जमीन पर किसी दूसरे देश को कब्जा करने देंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ ने राघोपुर के जुड़ावनपुर करारी पंचायत के गणेश चौक पर चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। भारतीय सेना ने देश के लिए कई करिश्माई कार्य किए हैं। कहा कि हम सत्ता हासिल करने के लिए भारत की आन-बान एवं शान से कभी समझौता नहीं कर सकते। पूर्ववर्ती सरकार में केंद्र से किसी योजना के लिए एक रुपया आता था तो धरातल पर 16 पैसा ही पहुंचता था। लेकिन आज नरेंद्र मोदी की सरकार डायरेक्ट बेनिफिट योजना के तहत प्रत्येक किसान के खाते में सालाना छह हजार रुपये दे रही है।
राजनाथ ने कहा कि हमारी सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत हर घर गैस कनेक्शन एवं गरीबों को इलाज के लिए पांच लाख रुपये की बीमा राशि सलाना दे रही है। कहा कि आज कम से कम जनता की रैली होती है, पहले तो तेल पिलावन लाठी की रैली होती थी। उन्होंने कहा कि भूरा बाल काटो, भूरा बाल साफ करो, भूरा बाल काटो, करने वालों के वारिश आज किस मुंह से बिहार में राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार देश के अलग-अलग राज्यों के साथ विकास में भेदभाव करती थी। लेकिन 2014 के बाद नरेंद्र मोदी की सरकार ने कहा कि जब तक सभी राज्यों का विकास नहीं होगा तब तक देश का विकास संभव नहीं है। राजनाथ ने कहा कि 2014 के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास का चक्का तेजी से चलने लगा। एनडीए के प्रत्याशी सतीश कुमार को भारी मतों से जिताने की अपील की। सभा को एनडीए प्रत्याशी सतीश कुमार एवं पूर्व मंत्री व जदयू नेता उदय नारायण राय उर्फ भोला राय आदि नेताओं ने संबोधित किया।




Leave a Reply