पटना. बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विभिन्न अखबारों में फुल पेज विज्ञापन दिया था, लेकिन अब इस विज्ञापन ने बिहार की सियासत में कयासबाजियों का नया दौर शुरू कर दिया है. दरअसल इस फुल पेज के विज्ञापन में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) तस्वीर प्रकाशित की कई है. इसमें लिखा था ‘भाजपा है तो भरोसा है, एनडीए (NDA) को जिताएं. भाजपा के इस विज्ञापन में राज्य में एनडीए सरकार बनने के बाद विकास के लिए 7 बातों का जिक्र है और एनडीए के घटक दलों भाजपा-जदयू-हम-वीआईपी का चुनाव चिह्न तो है, लेकिन इसमें किसी भी नेता की तस्वीर नहीं है. यहां तक कि नीतीश कुमार की भी नहीं. जबकि एनडीए की ओर से नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ही मुख्यमंत्री पद के चेहरे हैं.
बता दें कि बीते दिनों बिहार के चुनावी दौरे पर आए पीएम मोदी (PM Modi) का लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) पर खुलकर कुछ नहीं बोलना और अब ये विज्ञापन कई कयासों को जन्म देने लगा है. पीएम मोदी की तस्वीर के अलावा किसी और नेता की तस्वीर नहीं होने को लेकर इस विज्ञापन पर आरजेडी ने तंज कसते हुए ट्वीट किया है कि सीएम चुनना है पीएम नहीं.
भाजपा द्वारा पोस्टर में नीतीश कुमार की तस्वीर गायब होने पर कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा ने मान लिया है नीतीश कुमार में जिताने का मादा नहीं है. वहीं लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी भाजपा के इस विज्ञापन पर तंज कसते हुए ट्वीट किया कि- आदरणीय नीतीश कुमार जी को प्रमाण पत्र की आवश्यकता ख़त्म होती नहीं दिख रही है. भाजपा के साथियों का नीतीश कुमार जी को पूरे पन्ने का विज्ञापन और प्रमाणपत्र देने के लिए शुक्रगुज़ार होना चाहिए और नीतीश कुमार जिस तरीक़े से भाजपा गठबंधन के लिए ईमानदार हैं वैसे ही नीतीश जी को भी होना चाहिए.
गौरतलब है कि चिराग पासवान ने सीएम नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए लोजपा ने एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है. गत 23 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव के मद्देनजर तीन रैलियां सासाराम, गया और भागलपुर में की थीं. सबको इंतजार इस बात का था कि नीतीश कुमार पर लगातार हमले बोल रहे लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान (LJP President Chirag Paswan) को लेकर शायद वह कोई बात कहेंगे. लेकिन, उन्होंने भी इससे परहेज किया और अपने किसी भी संबोधन में चिराग का जिक्र तक नहीं किया.
हालांकि, उन्होंने संकेत में यह जरूर बताने की कोशिश की थी कि कोई भ्रम में न रहे. उनकी इस बात (भ्रम में नहीं रहने की बात) का क्या मतलब था, इस राज पर से पर्दा नहीं उठ पाया था. राजनीतिक जानकार भी यह कयास लगा रहे हैं कि वह चिराग के लिए संदेश था अथवा बिहार के आम लोगों के लिए, यह बात साफ-साफ किसी के पल्ले नहीं पड़ी है.
अब चिराग और नीतीश की तल्खी के मामले में बिहार की राजनीति में नया ट्विस्ट आता दिख रहा है. दरअसल, जिसको पीएम मोदी पसंद करते हैं, उस भाजपा नेता ने चिराग पासवान की जबरदस्त तारीफ की है. जाहिर है इससे बिहार की राजनीति में फिर से कयासों का नया दौर शुरू हो गया है.
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार को लेकर बेंगलुरु दक्षिण से लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या रविवार की शाम आरा पहुंचे थे. यहां उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए नीतीश कुमार से खफा चल रह रहे और अपने हर भाषणों में उन्हें टारगेट कर रहे चिराग पासवान को तेजस्वी सूर्या ने बधाई दी है. उन्होंने कहा कि चिराग और मैं बिहार के किसी मुद्दे पर हम दोनों एक साथ होते हैं. चिराग बहुत ऊर्जावान नेता हैं. उन्होंने अपना स्थान साफ़ तौर पर क्लीयर कर दिया है.





Leave a Reply