BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में बोले योगी- अनुच्छेद 370 हटने से सबसे ज्‍यादा प’रेशान राहुल और ओवैसी

बिहार विधानसभा चुनाव में राजग प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में उतरे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भी विपक्ष पर तीखा हमला जारी रखा। मुख्यमंत्री ने बिहार के जमुई में हुई रैली में कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटने का सबसे ज्यादा दर्द राहुल गांधी और ओवैसी को हो रहा है। राजद के 10 लाख नौकरी देने के चुनावी वादे को बिहार के युवाओं के साथ मजाक बताते हुए योगी ने कहा कि नौकरी देने की बात वो लोग कर रहे हैं, जिन्होंने 15 साल गरीबों का राशन तो खाया ही जानवरों का चारा भी खा गए। योगी ने बिहार के लोगों को कोरोना के बाद अयोध्या आने और राम लला के दर्शन का न्योता भी दिया।

सीएम योगी ने बुधवार को जमुई, तरारी (भोजपुर) और पालीगंज (पटना)  विधान सभा क्षेत्र में राजग उम्मीदवारों के पक्ष में जन सभाएं कीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह का प्रचार करने वह जमुई में रैली के मंच पर पहुंचे तो उत्साहित भीड़ ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ जबरदस्त स्वागत किया। योगी ने जनसभा की शुरुआत पीएम मोदी द्वारा देश के नाम दिए गए संदेश की चर्चा से की। उन्होंने लोगों से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग की अपील करते हुए कहा कि जब तक दवाई नहीं तब ढिलाई नहीं के मूल मंत्र को अपनाएं।

मोदी ने गांव-गरीब के बारे में ही सोचा
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने जिस मजबूती के साथ कोराना से जंग लड़ी है उसका उदाहरण पूरी दुनिया दे रही है। योगी ने कहा कि जब दुनिया सोच रही थी कि कोरोना में क्या करना है तब हमारे प्रधानमंत्री ने लाकडाउन कर दिया और गरीबों के भारण पोषण और आर्थिक विकास के पैकेज की भी घोषणा की। पीएम ने बिना किसी भेद भाव के गरीब, किसान,महिला,युवा सभी के हित में योजनाएं शुरू कर उसका लाभ दिया। जो भारत का हितैषी है वो मोदी जी के साथ है।

कांग्रेस व राजद के लिए परिवार ही पार्टी
विपक्ष पर हमला बोलते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस और राजद ने कभी देश के बारे में नहीं सोचा । इनके लिए परिवार पार्टी और पार्टी ही देश है। आज दो ही लोग पाकिस्तान की तारीफ करते हैं एक राहुल गांधी और दूसरे ओवैसी । कश्मीर से धारा 370 हटी तो राहुल और अवैसी को सबसे ज्यादा पीड़ा हुई । भीड़ से जय श्रीराम की गूंज के बीच सीएम योगी ने कहा कि अब यूपी और बिहार के लोग भी कश्मीर में जमीन खरीद कर अपना मकान बनवा सकते हैं। 

नीतीश कुमार बिहार का विकास कर रहे
राजग से अलग होकर चुनाव मैदान में उतरे पुराने सहयोगियों पर भी उन्होंने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग वोट काटने के लिए आपके बीच आए हैं। ऐसे लोगों के लिए देश हित और समाज हित कोई मायने नहीं रखता उनके लिए स्वहित सबसे बड़ा है। मोदी जी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है , नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार उन्नति कर रहा है। मोदी जी को मजबूती देने के लिए राजग को जिताएं । योगी ने मंच से जय श्री राम के नारे लगवा कर अपने भाषण का समापन किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.