गायघाट थाना क्षेत्र के रेला नारायण गांव से पुलिस ने ट्रक पर लोड तीन सौ कार्टन शराब बरामद की। वहीं मौके से चालक समेत धंधेबाज भागने में सफल रहे। जानकारी अनुसार मंगलवार की देर रात पीएसआइ आशीष कुमार ठाकुर अन्य पुलिस बलों के साथ मैठी टोल प्लजा पर गश्त के दौरान वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी बीच एक ट्रक की गतिविधियों को देख शक के आधार पर पीछा करते हुए रेला नारायण गांव में जाकर धर दबोचा। थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक पर लदी शराब की पेटियों को सीमेंट के खाली बोरा व अन्य प्लास्टिक के कचरे से ढक कर छुपाया गया था। पुलिस मद्य निषेध अधिनियम के तहत ट्रक मालिक पर नामजद व अज्ञात शराब धंधेबाज के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
ताड़ के पेड़ से उतार पुलिस ने शराब धंधेबाज को किया गिरफ्तार
गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी में एक शराब धंधेबाज गिरफ्तार करने गई पुलिस को देख ताड़ के पेड़ पर चढ़ गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे पेड़ से नीचे उतार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस व ग्रामीण उसे ताड़ के पेड़ से नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे, लेकिन सभी की बातों को अनसुना कर पेड़ पर बैठा रहा। पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान मैठी पछियारी टोला निवासी गरीबनाथ चौधरी के रूप में की गई है। दो बार पुलिस ने उसके घर से भारी मात्रा में शराब जब्त की थी। इस मामले में पुलिस उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कई महीने से छापेमारी कर रही थी। थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया कि शराब धंधेबाज गरीबनाथ चौधरी को गिरफ्तार करने के लिए वरीय पुलिस अधिकारी के निर्देशानुसार एसआइटी का गठन किया गया था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

सरैया में चार कार्टन शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
सरैया – जैतपुर मोतीपुर मार्ग में मंगलवार की देर रात्रि वाहन जांच के दौरान एक कार से पुलिस ने चार कार्टन शराब बरामद की। वहीं, दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। एएसआइ दीपक कुमार के फर्दबयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई। बताया गया कि मंगलवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस को यह सफलता मिली। हालांकि धंधेबाजों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने खदेड़ कर उन्हें दबोच लिया। धंधेबाजों की पहचान जैतपुर ओपी क्षेत्र के तिलबिहटा निवासी फूलदेव सहनी के पुत्र रामबाबू सहनी व पारू थाना क्षेत्र के पिचपुरा निवासी विश्वनाथ सहनी के पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई। जैतपुर ओपी प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि दोनों धंधेबाजों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
100 लीटर स्प्रिट बरामद, धंधेबाज फरार
औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंत पंचायत के बसंत गांव स्थित चौर से सौ लीटर कच्चा स्प्रिट बरामद किया गया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि गांव में चौर के एक नहर में कच्चा स्प्रिट रखा जा रहा है। तीन लोग वहां सुरक्षा में बैठे हैं। बेदौल ओपी से पुअनि मदन राम व पुलिस बल के जवान जब वहां पहुंचे तो तीनों वहां से भागने लगे। उनमें बसंत निवासी रौबिन महतो, हथौड़ी थाना क्षेत्र के डकरामा निवासी संतोष साह व संजीव साह शामिल है। चारों तरफ पानी होने से तीनों आरोपित भागने में सफल रहे। जबकि ग्रामीणों के सहयोग से पांच जार में रखे सौ लीटर कच्चा स्प्रिट बरामद कर लिया गया। मदन राम के बयान पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।




Leave a Reply