Breaking NewsENTERTAINMENT/FILM

केंद्र से सुरक्षा मिलते ही बौखला गई उद्धव सरकार, कंगना के मुंबई ऑफिस पर बीएमसी ने मारा छापा

अभिनेत्री कंगना रनौत को केंद्र सरकार से वाई श्रेणी की सुरक्षा मिलते ही उद्धव ठाकरे की शिवसेना सरकार बौखला गई है। शिवसेना नेताओं की ओर से मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा दिए जाने की खबर मिलते ही बृह्नमुंबई म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (बीएमसी) ने मुंबई में कंगना की प्रोडक्शन कम्पनी के ऑफिस में छापा मार दिया। बीएमसी के अफसरों का कहना है कि वे ऑफिस में गैरकानूनी निर्माण की जांच कर रहे हैं। कंगना ने किसी भी गैरकानूनी काम से इनकार किया है। कंगना ने ट्वीट करते हुए में लिखा कि ये मुंबई में मणिकर्णिका फ़िल्म्ज़ का ऑफ़िस है, जिसे मैंने पंद्रह साल मेहनत कर के कमाया है, मेरा ज़िंदगी में एक ही सपना था मैं जब भी फ़िल्म निर्माता बनूँ मेरा अपना खुद का ऑफ़िस हो, मगर लगता है ये सपना टूटने का वक़्त आ गया है, आज वहाँ अचानक बीएमसी के कुछ लोग आए हैं।

एक अन्य ट्वीट में कंगना ने लिखा कि उन्होंने जबरदस्ती मेरे ऑफिस पर कब्ज़ा कर लिया है। नापजोख कर रहे हैं। जब मेरे पड़ोसियों ने विरोध किया तो उन्हें भी धमकाना शुरू कर दिया। उनकी भाषा कुछ इस तरह थी- वो जो मैडम है, उसकी करतूत का परिणाम सबको भरना होगा। मुझे बताया गया है कि कल मेरी प्रॉपर्टी को गिराया जाएगा।

एक और ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे पास सभी कागजात हैं। बीएमसी की ओर से मिली अनुमतियां हैं। मेरी प्रॉपर्टी में कुछ भी गैरकानूनी नहीं है। अवैध निर्माण दिखाने के लिए बीएमसी को एक स्ट्रक्चर प्लान के साथ नोटिस भेजना चाहिए। आज उन्होंने बिना पूर्व सूचना के मेरी जगह पर छापा मारा है, कल को इसे गिरा भी देंगे।

धमकी के मद्देनजर कंगना को मिली Y श्रेणी की सुरक्षा
इसके पहले कंगना रनौत को शिवसेना नेताओं की ओर से लगातार मिल रही धमकियों के बीच वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई। सुशांत मामले में मुखर कंगना को शिवसेना सांसद संजय राउत ने तो पहले मुंबई न आने की धमकी दी फिर बेहद ही आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए हरामखोर तक कह डाला। शिवसेना के मुखपत्र सामना के संपादक संजय राउत से मिली धमकी के बाद केंद्र सरकार ने कंगना को सुरक्षा प्रदान की। इसके बाद कंगना ने ट्वीट कर कहा, ‘ये प्रमाण है कि अब किसी देशभक्त आवाज को कोई फासीवादी नहीं कुचल सकेगा। मैं गृहमंत्री अमित शाह जी की आभारी हूं। वो चाहते तो हालातों के चलते मुझे कुछ दिन बाद मुंबई जाने की सलाह देते, मगर उन्होंने भारत की एक बेटी के वचनों का मान रखा, हमारे स्वाभिमान और आत्मसम्मान की लाज रखी, जय हिंद।’

आइए देखिए किस तरह से शिवसेना के सांसद संजय राउत ने धमकी देते हुए अभिनेत्री कंगना रनौत को हरामखोर कहा।

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में अभिनेत्री कंगना रनौत जिस तरह से बॉलीवुड और मुंबई पुलिस के बारे में खुलकर बोल रही हैं, उससे वह सत्ताधारी शिवसेना को खटकने लगी हैं। कंगना के मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने पर संजय राउत ने कहा कि अगर मुंबई में डर लगता है तो उन्हें मुंबई वापस नहीं आना चाहिए। संजय राउत की इस धमकी पर पलटवार करते हुए कंगना रनौत ने ट्वीट कर कहा कि संजय राउत ने मुझे खुलेआम धमकी दी है और मुंबई वापस न आने को कहा है। मुंबई की सड़कों पर आजादी के नारों के बाद अब खुली धमकी। मुंबई पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की तरह क्यों लग रही है?

इन धमकियों को देखते हुए बीजेपी नेता राम कदम ने कंगना को सुरक्षा देने की मांग की।

कदम के इस पहल का स्वागत करते हुए कंगना ने कहा कि वह किसी भी तरह की सुरक्षा के लिए तैयार है, लेकिन मुंबई पुलिस की नहीं। माफिया गुंडों से ज्यादा मुझे मुंबई पुलिस से डर लगती है।

इसके बाद शिवसेना के मुखपत्र सामना का संपादक संजय राउत ने लिखा कि अगर मुंबई पुलिस से डर लगता है तो यहां वापस मत आना।

कंगना के खिलाफ अपमानजनक ट्वीट को मुंबई पुलिस कमिश्नर ने किया लाइक
सुशांत मामले में रिया चक्रवर्ती और बॉलीवुड ड्रग रैकेट पर सवाल उठाने के कारण मुंबई के कुछ लोग सड़क पर कंगना का अपमानजनक ग्रेफिटी बना रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस तरह के ग्रेफिटी को शेयर भी कर रहे हैं। ऐसे ही अपमानजनक ट्वीट को मुंबई पुलिस कमिश्नर ने लाइक किया। इससे मुंबई पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह पर सवाल उठने लगे हैं। कंगना ने एक ट्वीट में दो स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा है कि मुंबई पुलिस कमिश्नर ऐसे अपमानजनक सोशल मीडिया ट्वीट्स को लाइक कर रहे हैं जो सुशांत को न्याय दिलाने की आवाज उठाने वाले लोगों के खिलाफ लिखे गए हैं। मुंबई पुलिस कमिश्नर सार्वजनिक रूप से परेशान करने वालों और धमकाने वालों की निंदा करने का बजाय इसे प्रोत्साहित कर रहे हैं।


शिवसेना विधायक ने कंगना को दी मुंह तोड़ने की धमकी
शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि सांसद संजय राउत ने कंगना को नम्रता भरे शब्दों से समझा दिया है। अगर फिर भी वो यहां आती हैं तो हम उसका मुंह तोड़ देंगे। मैं गृह मंत्री से मांग करता हूं कि कंगना के खिलाफ राज द्रोह का केस दर्ज हो क्योंकि उन्होंने इंडस्ट्रियल और सेलिब्रिटी बनाने वाली मुंबई की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से तुलना की है।




राष्ट्रीय महिला आयोग ने की शिवसेना विधायक की गिरफ्तारी की मांग
शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक की धमकी के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग और बीजेपी के कई विधायक कंगना के बचाव में उतर आए। राष्ट्रीय महिला आयोग ने धमकी देने वाले शिवसेना विधायक की गिरफ्तारी की मांग की। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि उन्होंने इसका संज्ञान लिया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मुबई पुलिस आयुक्त, उन्हें (विधायक) तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।” बाद में मुंबई के पुलिस आयुक्त एसके जायसवाल को भेजे पत्र में रेखा शर्मा ने कहा कि जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा एक महिला को ‘धमकी देने’ का महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आयोग यह सलाह देता है कि प्रताप सरनाईक के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए और इस बारे में आयोग को जल्द सूचित किया जाए।”

कंगना के पिता ने बेटी की सुरक्षा को लेकर जतायी चिंता
शिवसेना विधायक से धमकी मिलने के बाद अभिनेत्री कंगना के पिता अमरदीप सिंह रनौत का कहना है वह बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कंगना से मिलने मनाली जा रहे हैं। मुंबई जाने पर कंगना से चर्चा करेंगे। उन्‍होंने केंद्र सरकार से मांग की कि कंगना को सुरक्षा उपलब्ध करवाए। उन्‍होंने कहा कंगना की सुरक्षा में निजी सुरक्षा कर्मी बढ़ाए जाएंगे।

कंगना की सुरक्षा आरपीआई करेगी- आठवले
अभिनेत्री कंगना रनौत को शिवसेना की धमकी के बाद आरपीआई अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले कंगना के समर्थन में आगे आए। आठवले ने कहा कि कंगना की सुरक्षा आरपीआई करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गृह मंत्री अनिल देशमुख की कंगना को मुंबई में रहने का अधिकार नहीं होने वाली भूमिका लोकतंत्र विरोधी है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार कंगना को मुंबई में रहने का अधिकार है। इसलिए कंगना के मुंबई आने के बाद किसी ने कोई विरोध किया तो आरपीआई उन्हें सुरक्षा देगी। आठवले ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को टिप्पणी करने का अधिकार है। कंगना ने मुंबई पर नहीं बल्कि राज्य सरकार पर टिप्पणी की है।

मुंबई किसी के बाप की जागीर नहीं- भाजपा विधायक
उधर, कंगना रणौत पर शिवसेना नेता की टिप्‍पणी के बाद हिमाचल के भाजपा विधायक उनके समर्थन में आ गए। जिला मंडी के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने कहा मुंबई किसी के बाप की जागीर नहीं हैं। मुंबई में जब आतंकी हमला हुआ था तो शिवसेना व संजय राउत कहां थे? देश के हर कोने के वीरों ने उस समय मुंबई की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया था। मुंबई पर सबका हक है। संजय राउत ने कंगना रणौत को धमकी देकर अपनी संकुचित मानसिकता का परिचय दिया है।

मुंबई क्या शिवसेना का खानदानी प्रदेश है ? – अनिल विज
इसी बीच भाजपा नेता और हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि शिवसेना नेता किसी को सच बोलने से रोक नहीं सकते। विज ने शनिवार को शिवसेना पर जोरदार हमला करते हुए पूछा कि मुंबई क्या शिवसेना का खानदानी प्रदेश है, क्या ये उनके पिताजी की है? मुंबई भारत का हिस्सा है और कोई भी वहां जा सकता है। जो इस प्रकार की धमकियां देते हैं उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।अनिल विज ने कहा कि कंगना रनौत को पुलिस सुरक्षा दी जाए। उसे खुलकर सच बोलने की अनुमति दी जानी चाहिए। आप किसी को सच बोलने से रोक नहीं सकते।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.