एसकेएमसीएच में अब 150 बेड का कोविड वार्ड होगा। मरीजों की संख्या बढ़ती है तो एईएस के लिए बनाए गए पीकू वार्ड को भी कोरोना वार्ड के रूप में बदला जाएगा। सदर अस्पताल में सौ बेड के मातृ-शिशु हॉस्पिटल (एमसीएच) को भी कोरोना मरीजों के लिए खोलने का निर्देश दिया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के कोविड केयर अस्पतालों के कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने एसकेएमसीएच प्रबंधन को कोरोना मरीजों के लिए 50 बेड और बढ़ाने का निर्देश दिया। अभी एसकेएमसीएच में 100 बेड का कोरोना वार्ड बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कोरोना मरीजों के इलाज और उनको दी जा रही सुविधा के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री को डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह, एसकेएमसीएच अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार शाही व प्राचार्य डॉ. विकास कुमार ने कोरोना मरीजों के इलाज, टेस्ट और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। मरीजों के इलाज के लिए कितने डॉक्टर व पारा मेडिकल स्टाफ की प्रतिनियुक्ति की गई है, दवा, ऑक्सीजन सिलेंडर और बेड की क्या स्थिति है, इस बारे में जानकारी दी गई।

सीएम ने जिले में कोविड जांच का भी दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया। इस बीच अगर किट या ट्रूनेट मशीन की आवश्यकता हो तो वे प्रधान सचिव से उपलब्ध कराने के लिए कह सकते हैं। इस दौरान डीएम ने मुख्यमंत्री को एसकेएमसीएच, तुर्की व सदातपुर कोविड केयर के बारे में जानकारी दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आयुक्त पंकज कुमार, आईजी गणेश कुमार, डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी जयंत कुमार, एसकेएमसीएच अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार शाही व प्राचार्य डॉ. विकास कुमार मौजूद थे।



Leave a Reply