Breaking NewsNational

अमेरिका के टाइम्स स्क्वायर पर 5 अगस्त को दिखेगी भगवान राम की भव्य तस्वीर, US में भी जश्न की तैयारी

अयोध्या (Ayodhya) में 5 अगस्त को राम मंदिर (Ram Mandir) के लिए भूमि पूजन और निर्माण कार्य एक साथ शुरू किया जाएगा. इसे लेकर पूरे देश में उत्साह है. देश ही नहीं बल्कि दुनिया को अन्य हिस्सों में भी इस दिन को यादगार बनाने की तैयारी है.

इसी सिलसिले में 5 अगस्त को अमेरिका (America) में न्यूयॉर्क के विश्व प्रसिद्ध टाइम्स स्क्वायर (Times Square) पर भगवान राम की भव्य तस्वीर प्रदर्शित की जाएगी. यानी टाइम्स स्क्वायर से दुनियाभर के लोग इस ऐतिहासिक दिन का गवाह बनेंगे.

रिपोर्ट के मुताबिक, टाइम्स स्क्वायर पर राम मंदिर की 3डी तस्वीर को भी दिखाया जाएगा. इस आयोजन को बेहद भव्य तरीके से आयोजित करने की तैयारी चल रही है.

‘भव्य बनाने की चल रही तैयारी’

अमेरिकी-भारतीय लोक मामलों की समिति के अध्यक्ष जगदीश सेवहानी ने बताया कि 5 अगस्त को न्यूयॉर्क में ऐतिहासिक पल मनाने की तैयारी की जा रही है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की आधारशिला रखेंगे.

सेवहानी ने बताया कि इस खास अवसर के लिए विशाल नैस्डैक स्क्रीन और 17,000-वर्ग फुट की रैप-अराउंड एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन लगाई जा रही है, जिसे दुनिया में सबसे बड़े बाहरी डिस्प्ले और उच्चतम रिजॉल्यूशन एक्सटीरियर में से एक माना जाता है.

उन्होंने बताया, “5 अगस्त को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक हिंदी और अंग्रेजी में ‘जय श्री राम’, भगवान राम की तस्वीर और वीडियो, राम मंदिर का डिजाइन दिखाय जाएगा. साथ ही 3डी तस्वीरों के अलावा अयोध्या से पीएम मोदी द्वारा राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास की तस्वीरों को भी प्रदर्शित किया जाएगा.”

5 अगस्त को रखी जाएगी आधारशिला

मालूम हो कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर की आधारशिला 5 अगस्त को रखी जाएगी. अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीराम मंदिर के लिए भूमिपूजन 5 अगस्त को दोपहर 12:15 बजे करेंगे. यह कार्य गर्भ गृह के पास होंगे.

इस मौके पर पीएम मोदी के साथ प्रमुख संत व मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख लोगों के साथ 150 से 200 लोग उपस्थित रहेंगे. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आमंत्रित न किए गए किसी भी व्यक्ति को अयोध्या न जाने की अपील की है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.