कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में 11 और जगहों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसके तहत इन सभी जगहों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। इन इलाकों में प्रतिबंधित क्षेत्र का पोस्टर लगाकर सील किया जाएगा। इस दौरान आवश्यक सेवाओं का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा आने-जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इन सभी कंटेनमेंट जोन में मेडिकल टीम स्क्रीनिंग कर प्रत्येक घर का सैंपल लेकर जांच कराएगी।
इन इलाकों को घोषित किया गया कंटेनमेंट जोन
मुशहरी प्रखंड अंतर्गत अतरदह, बैरिया, हरिहरपुर, बीबीगंज, साहू रोड चतुर्भुज राम मेमोरियल ट्रस्ट से दीपक सिनेमा रोड तक, सकरा प्रखंड के दुबहा, सरमस्तपुर, दुबहा बुजुर्ग और बोचहां प्रखंड के शांतिपुर, सर्फदीनपुर व दरहा सुस्ता
पूर्व में घोषित 23 कंटेनमेंट जोन आज होंगे सील
कोरोना संक्रमित मरीजो के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर जिले के 23 जगहों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह के आदेश पर एसडीओ पूर्वी व पश्चिमी ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। जिसके तहत इन सभी जगहों पर शनिवार से कंटेनमेंट जोन बनाकर सील करने की कवायद की जाएगी। इस दौरान वहां पर मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी रहेगी।

सभी कंटेनमेंट जोन में सख्ती बरती जाएगी
एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार ने कहा कि बनाए गए सभी कंटेनमेंट जोन में सख्ती बरती जाएगी। इसको लेकर पदाधिकारियो को निर्देश दिया गया है। संबंधित सीओ को प्रतिबंधित क्षेत्र का पोस्टर लगाने को कहा गया है। इसके अलावा सभी कंटेनमेंट जोन में मेडिकल टीम द्वारा स्क्रीनिंग के साथ प्रत्येक घर से सैंपल लेकर जांच को भेजा जाएगा।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसएसपी आवास के आसपास का क्षेत्र, पुलिस लाइन के आसपास, सीजेएम कार्यालय के आसपास का क्षेत्र, अहियापुर एसकेएमसीएच का क्षेत्र, बालूघाट, चंदवारा, दामोचक, गोलारोड, इम्लीचट्टी वार्ड पांच का इलाका, डोकरामा, कलमबाग चौक, मालीघाट, अहियापुर मझौलिया, मुबारकपुर, शेरपुर, जीरोमाइल शेखपुर, मुशहरी वार्ड 15, कांटी के मोहना, कुढऩी के मधौल, मड़वन के फतेहपुर, पारू के दाउदपुर, असप्ताल चौक औऱ अस्पताल रोड इलाके में कंटेनमेंट जोन का प्रस्ताव दिया गया था।



Leave a Reply