BIHARBreaking NewsGOPALGANJSTATE

गोपालगंज में बाढ़ / पांच दिन से झोपड़ी पर बैठा था युवक, नाव देखी तो चि’ल्लाने लगा- मुझे भी ले चलो

गोपालगंज जिले में गंडक नदी के तटबंध के अंदर बसे गांव बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। जान बचाने के लिए लोग सड़क, बांध और रेलवे ट्रैक जैसी ऊंची जगहों पर चले गए हैं। सदर प्रखंड के कटघरवा पंचायत के सैकड़ों घर पानी में डूब गए हैं। इस पंचायत का एक युवक बाढ़ के पानी में फंस गया था। वह समय रहते नहीं निकल पाया। बाद में गांव में कोई नाव नहीं आई। 

युवक 5 दिन से झोपड़ी की छत पर बैठा था। शुक्रवार को एक नाव दिखी तो वह बचाने की गुहार लगाते हुए चिल्लाने लगा। हाथ हिलाकर कहने लगा हो हमरो के लेले चलिह हो.. (मुझे भी साथ लेते चलिए)। आवाज सुन नाव में सवार कटघरवा पंचायत के मुखिया राजेश कुमार सहनी उसके पास पहुंचे। पूछा कि कितने दिन से यहां फंसे हो? युवक ने बताया कि 5 दिन हो गए है। चिउड़ा खाकर किसी तरह जिंदा रहा। इसके बाद मुखिया ने नाव से एक बांस युवक की ओर बढ़ाया। उसी के सहारे से युवक नाव में सवार हुआ।

बांस की सहायता से नाव में सवार होता युवक।
मुखिया ने कहा कि मैं अपनी नाव से कटघरवा, मकसूदपुर, हीरा पाकड़, जगरीटोला और बाढ़ से घिरे दूसरे गांवों का जायजा ले रहा था, तभी युवक की आवाज सुनी। उसे बचाकर जगरीटोला स्थित राहत शिविर में पहुंचाया गया। मैं पानी में डूबे गांव में जाकर जरूरतमंदों की मदद कर रहा हूं। 250 से ज्यादा लोगों को उनके घर से बाहर निकालकर तटबंध पर सुरक्षित पहुंचाया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.