New Delhi : पिछले महीने कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त हुये भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को प्लाज्मा दान किया। पात्रा ने ट्टीट कर कहा – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘सेवाभाव’ का मंत्र दिया है। उसी से प्रेरित होकर मैंने अपने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा का आशीर्वाद लिया और आज प्लाज्मा दान किया। (मैं) उन सभी लोगों से प्लाज्मा दान करने का अनुरोध करता हूं, जिन्हें कोविड-19 का संक्रमण हुआ और अब ठीक हो गये हैं।
प्लाज्मा थेरेपी के तहत स्वस्थ हो गये कोरोना के मरीजों के दान किये गये प्लाज्मा को इस महामारी के गंभीर रोगियों को चढ़ाया जाता है। इस प्लाज्मा में एंटीबॉडी होता है। कई राज्य सरकारों और अस्पतालों ने प्लाज्मा बैंक बनाये हैं। पात्रा ने अस्पताल में प्लाज्मा दान करने से पहले नड्डा से अपनी भेंट की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर डाली। पात्रा कुछ सप्ताह पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हो गये थे और वह गुड़गांव में एक निजी अस्पताल में कुछ दिनों तक भर्ती थे।

हालांकि कोरोना होने की सूचना उन्होंने सार्वजनिक नहीं की थी लेकिन आज प्लाज्मा दान की घोषणा के साथ इस बात का भी खुलासा हुआ कि संबित पात्रा को कोरोना हुआ था और अब वे स्वस्थ होकर घर लौट आये हैं। उनके बीमार होने की अटकलें जरूर लगाई गईं थीं लेकिन कुछ भी साफ नहीं हो सका था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी जानकारी दी है कि राजधानी में प्लाज्मा बैंक शुरू हो गया है। उन्होंने लोगों से प्लाज्मा डोनेट करने की अपील भी की। उन्होंने कहा की जांच से पता चला है कि प्लाज्मा थेरेपी कई मरीजों को ठीक करने में मदद कर सकती है।



Leave a Reply