BIHARBreaking NewsPURNIASTATE

#SSR को दी अनोखी श्रद्धांजलि / फोर्ड कंपनी चौक का नाम बदलकर रखा सुशांत सिंह राजपूत चौक…

पूर्णिया के लाल को श्रद्धांजलि देते हुए फोर्ड कंपनी चौक का नाम अब सुशांत सिंह राजपूत चौक रखने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा मधुबनी से डॉलर हाउस चौक होते माता चौक जाने वाली नवनिर्मित सड़क का नाम सुशांत सिंह राजपूत पथ रखा जाएगा। यह निर्णय निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिया गया।

शुक्रवार को मेयर सविता देवी की अध्यक्षता में निगम के सशक्त स्थायी समिति की बैठक बुलाई गई। इसमें कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति में फैसला लिया गया कि सुशांत सिंह राजपूत के नाम से सड़क और चौराहे का नाम रखा जाएगा। फोर्ड कंपनी चौक अब सुशांत सिंह राजपूत चौक के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा नवनिर्मित सड़क जो मधुबनी से माता चौक तक जाती है उसका नाम सुशांत सिंह राजपूत पथ रखा जाएगा। इसके अलावा 15वीं वित्त योजना की राशि से कचरा संग्रहण के लिए 23 हॉपर टिप्पर डंपर मशीन और एक क्रॉलेर हाइड्रोलिक डंपर मशीन खरीदने का भी निर्णय लिया गया है। समिति में निर्णय लिया गया कि हांसदा में बनने वाले डंपिंग जोन की चारदीवारी बनाई जाएगी। इसके अलावा डंपिंग जोन तक पहुंच पथ का निर्माण किया जाएगा।

इस काम पर दो करोड़ 48 लाख, 82 हजार 200 रुपए खर्च किए जाएंगे। समिति ने निर्णय भी लिया कि 21 लाख 16 हजार 100 रुपए में जल जीवन हरियाली योजना के तहत कला भवन के सामने और पूर्णिया कॉलेज के पीछे स्थित तालाब का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। बैठक में मेयर सविता देवी, डिप्टी मेयर विभा कुमारी, नगर आयुक्त विजय कुमार सिंह, सदस्य प्रतिमा कुमारी, सुशील कुमार सिंह, अंजुम परवीण, रेणु कुमारी, मुरारी भगत, जानकी देवी और विश्वजीत सिंह मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.