दुकानदारों एवं अन्य लोगों को किया गया मास्क पहनने के प्रति जागरण
रामगढ़ : कोरोना वायरस कोविड-19 से बचाव एवं इसके रोकथाम हेतु पूरे देश में लॉक डाउन की अवधि को 30 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है इस दौरान जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा कोविड 19 को रोकने हेतु सभी तरह के प्रयास किये जा रहें है। इसी क्रम में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी गोला श्री कुलदीप कुमार, अंचल अधिकारी गोला श्री महेंद्र छोटन ओरांव एव थाना प्रभारी गोला श्री धनंजय प्रसाद द्वारा प्रखंड अंतर्गत डीवीसी चौक के समीप मास्क पहनो अभियान चलाया गया। अभियान के तहत आसपास के दुकानदारों एवं लोगों को कोविड-19 से बचने हेतु मास्क का प्रयोग करने अथवा किसी साफ कपड़े के टुकड़े का इस्तेमाल कर चेहरे को ढक कर ही घर से निकलने एवं बिना चेहरे को ढके दुकानों तक आने वाले किसी भी व्यक्ति को कोई भी सामान ना देने के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर श्री महेंद्र छोटन ओरांव ने कहा कि दिन प्रतिदिन कोरोना का खतरा बढ़ रहा है।

इसलिए यह बहुत जरूरी है कि हम सभी कोरोना से बचने हेतु जो भी दिशा निर्देश जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए हैं उसका शत-प्रतिशत पालन करें। घर से बाहर निकलते वक्त अनिवार्य रूप से अपने चेहरे को ढक कर ही बाहर निकले एवं सार्वजनिक स्थलों आदि पर अन्य व्यक्तियों से कम से कम 2 मीटर की दूरी हमेशा बनाये रखे। गौरतलब हो कि जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा सभी व्यक्तियों के घर से बाहर निकलते वक्त अनिवार्य रूप से अपने चेहरे को ढक कर निकलने के संबंध में पूर्व में ही निर्देश जारी किए गए हैं। किसी व्यक्ति के द्वारा भी इसकी अवमानना करने पर कड़ी कार्रवाई की जानी है।



Leave a Reply