राजेंद्र सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़, सीएम हेमंत सोरेन सहित कई मंत्री भी पहुंचे॥
बेरमो : बेरमो विधायक स्वः राजेंद्र सिंह को अंतिम विदाई देने के लिए झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन सीएम हेमंत सोरेन सहित राज्य के कई मंत्री विधायक व कार्यकर्ता भी उनके आवास पहुंचे. बता दे कि जब रात 11: 30 बजे राजेन्द्र सिंह का पार्थिव शरीर बोकारो के बेरमो स्थित उनके आवास लाया गया. तब से ही भारी संख्या में उनके चाहने वालों की भीड़ उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रही है. लॉकडाउन के बावजूद बोकारो और धनबाद से लोगों आ रहे हैं. सभी सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए राजेंद्र बाबू का बारी-बारी से अंतिम दर्शन कर रहे है. इतनी भीड होने के बावजूद लॉक डाउन के नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया. सामाजिक दूरी के अलावा सभी लोगों ने मास्क पहन रखे थे.

स्वः राजेंद्र बाबू के पार्थिव शरीर तक पहुंचने से पहले कांग्रेस के कार्यकर्ता हरएक को सेनेटाइज करते जा रहे थे. साथ ही मुख्य द्वार के समक्ष ही सभी की थर्मो स्क्रीनिंग भी की जा रही थी. ढोरी स्टॉफ क्वार्टर स्थित राजेंद्र सिंह के आवास के बाहर 15-20 की संख्या में पंडाल लगाये थे, जहां दूरी बनाकर हर पंडाल में 20-20 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी. अंतिम दर्शन के लिए राजेंद्र सिंह के परिवार के लोगों के अलावा कांग्रेस, इंटक, आरसीएमएस के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने लॉक डाउन के नियमों का पूरी तरह से पालन किया.

राजेंद्र सिंह के बडे पुत्र कुमार जयमंगल ने भी शव आने से पहले ही सभी से लॉक डाउन के नियमों का पालन करने की अपील की थी. अंतिम दर्शन के लिए आज अहले सुबह से दोपहर तक काफी लंबी कतार लगी हुई थी. कई लोगों ने चिलचिलाती धूप व इतनी गरमी के बावजूद घंटो लाइन में लगकर कांग्रेस व इंटक के दिग्गज नेता राजेंद्र बाबू का अंतिम दर्शन किया. हजारों की संख्या में पहुंचे महिला और पुरुषों की आंखे नम थी. इस मौके पर उमड़ा जनसैलाब यह बताता है कि राजेंद्र सिंह ने सभी वर्गों के लोगों के हृदय में जगह बनाई थी.
श्रद्धांजलि देने वालों में राज्य के मुख्यमंत्री के अलावा कई मंत्री, पूर्व मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक के अलावा इंटक, आरसीएमएस,कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, असंगठित इंटक, टाटा वर्कर्स यूनियन से जुडे पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए. आज फुसरो बाजार की तमाम व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे.



Leave a Reply