प्रवासी मजदूरों की घर वापसी और क्वारंटाइन सेंटरों की खराब हालात को लेकर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश को 24 घंटे का वक्त दिया है. राबड़ी देवी ने ट्वीट कर लिखा है कि हम अपने ग़रीब भाइयों के साथ खड़े हैं और सरकार से आग्रह करते है कि अगले 24 घंटे में व्यवस्था सुधारें. जिस सरकार में संवेदना, करुणा और अपनत्व का अभाव हो तो उसे कोई हक़ नहीं है सत्ता में रहने का. इन ग़रीबों की गरिमा और आत्मसम्मान के साथ भेदभाव क़तई बर्दाश्त नहीं होगा.
वहीं राबड़ी देवी ने नीतीश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इतिहास में इतना ग़रीब विरोधी और संकीर्ण मानसिकता वाली सरकार नहीं रही होगी. बिहार सरकार प्रवासी मज़दूरों की लगातार उपेक्षा करते आ रही. क्वॉरंटीन सेंटरों में बिस्तर, शौचालय, पानी, खाना इत्यादि का कोई प्रबंध नहीं है. खाना के नाम पर नून-भात, स्वास्थ्य जाँच के नाम पर काग़ज़ी ख़ानापूर्ति हो रही है.
ये क्वॉरंटीन सेंटर यातना सेंटर बन गये है. जब सरकार को इन परेशान लोगों का सहारा बनना चाहिए, उन्हें विश्वास दिलाना चाहिए की इन लोगों के स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सरकार की है तब निर्दयी बिहार सरकार उनके साथ बदसलूकी की सारी हदें पार कर रही है. बेहद अफ़सोसनाक और चिंतनीय.

बिहार के क्वारंटाइन सेंटरों में बाहर से आए अप्रवासी मज़दूरों के लिए खाने व अन्य बुनियादी सुविधाओं की कोई व्यवस्था नहीं है. इस कारण इन प्रवासी मजदूरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. अधिकारी वहां आवासित लोगों को खाना माँगने पर मारपीट कर प्रताड़ित कर रहे है.



Leave a Reply