Breaking News

उत्तर बिहार में लॉरेंस विश्नोई गैंग की सक्रियता से हड़कंप! चंपारण-नेपाल नेटवर्क पर पुलिस की नजर

 मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री गोपालगंज निवासी बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लेनेवाले लारेंस विश्नोई गैंग के चंपारण व नेपाल नेटवर्क पर पुलिस की नजर है। नेपाल सीमा से सटे पूर्वी चंपारण के रक्सौल में गिरोह की सक्रियता 22 अक्टूबर, 2023 को सामने आई थी। गिरोह के दो शातिर यहां से पकड़े गए थे।

पश्चिमी चंपारण के चिउटाहां निवासी शशांक पांडेय व पूर्वी चंपारण के नायक टोला निवासी त्रिभुवन साह ने पुलिस पूछताछ में गिरोह की गतिविधियों की जानकारी दी थी। बताया था कि कैसे नेपाल के रास्ते गिरोह ने उत्तर बिहार में नेटवर्क का विस्तार शुरू किया है।

पुलिस ने छापेमारी की और तीन मई, 2024 को रक्सौल से ही पश्चिमी चंपारण के इनरवा निवासी विनय गुप्ता को गिरफ्तार किया। मुंबई में पूर्व मंत्री की हत्या के बाद इनकी सक्रियता को लेकर एकबार फिर अटकलें हैं।

पूर्वी चंपारण की पुलिस ने गिरोह के खिलाफ की गई पुरानी कार्रवाई की समीक्षा करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह के किसी भी आपराधिक गिरोह पर नकेल कस उनकी गतिविधि समाप्त करने के लिए योजना बनाई है। पुलिस अधीक्षक की बनाई टीम सीमा पर गोपनीय तौर पर अभियान चला रही है।

हरियाणा-राजस्थान के बाद उत्तर बिहार में जाल बिछाने से पहले दबोचे गए शातिर

लारेंस गैंग के शातिर शशांक पांडेय के खिलाफ हरियाणा के अंबाला थाना में आम आदमी पार्टी के नेता जिला परिषद सदस्य मक्कखन सिंह लवाना से 50 लाख रंगदारी मांगने व उनके आवास पर फायरिंग का मामला दर्ज है।

राजस्थान के जयपुर स्थित ज्वेलरी दुकान से एक करोड़ से अधिक की लूट भी दर्ज है। वह कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में 2023 में पांच पिस्टल के साथ पकड़ा गया था। आभूषण लूट में 18 जून, 2021 को जेल गया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.