कैमूर जिले के 586 किसानों को खरीफ फसल की सिंचाई के लिए डीजल अनुदान की राशि मिली है। राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार किसानों को तीन बार सिंचाई करने के लिए डीजल अनुदान की राशि दी जानी है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के अन्य जिलों में आई बाढ़ को देखते हुए अब आवेदन लेने की प्रक्रिया बंद कर दी गई है।


इसके चलते किसान डीजल अनुदान के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी रेवती रमण ने बताया कि खरीफ फसल की सिंचाई करने के लिए तीन किस्त में अनुदान की राशि उपलब्ध कराई जा रही है। जिले के सभी प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 1298 किसानों द्वारा डीजल अनुदान की राशि लेने के लिए आवेदन किया गया था।


जिसमें सभी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए 586 किसानों को 14 लाख 31 हजार 300 रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि अन्य जिलों में आई बाढ़ को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर इस समय आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बंद है।



उन्होंने कहा कि डीजल अनुदान योजना के तहत किसानों को तीन सिंचाई के लिए राशि दिए जाने का प्राविधान है। लेकिन अब तक 586 किसानों को पहली ही किस्त की राशि मिली है। दूसरी व तीसरी किस्त की राशि उपलब्ध नहीं हुई है।





Leave a Reply