Breaking News

हम आपके पैर पकड़ते हैं… नीतीश के इस ‘पैंतरे’ पर बिहार में सियासी हलचल तेज

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा अधिकारियों के पैर छूने की बात कहने को लेकर बिहार में राजनीति तेज हो गई है. राजद नेता और बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर हमला बोला है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘पूरे विश्व में इतना असहाय,अशक्त,अमान्य,अक्षम, विवश, बेबस, लाचार और मजबूर कोई ही मुख्यमंत्री होगा जो BDO, SDO, थानेदार से लेकर वरीय अधिकारियों और यहां तक कि संवेदक के निजी कर्मचारी के सामने बात-बात पर हाथ जोड़ने और पैर पड़ने की बात करता हो?’

इसके अलावा उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘बिहार में बढ़ते अपराध, बेलगाम भ्रष्टाचार, पलायन एवं प्रशासनिक अराजकता का मुख्य कारण यह है कि एक कर्मचारी तक (अधिकारी तो छोड़िए) मुख्यमंत्री की नहीं सुनता? क्यों नहीं सुनता और क्यों नहीं आदेशों का पालन करता, यह विचारनीय विषय है? हालाँकि इसमें कर्मचारी व अधिकारियों का अधिक दोष भी नहीं है. एक कमजोर बेबस मुख्यमंत्री के कारण “बिहार में होना वही है जो “चंद” सेवारत और “सेवानिवृत्त” अधिकारियों ने ठाना है” क्योंकि अधिकारी भी जानते है कि ये 43 सीट वाली तीसरे नंबर की पार्टी के मुख्यमंत्री है.’

तेजस्वी यादव ने इसके अलावा अपनी पोस्ट में लिखा, ‘जब शासन में इक़बाल खत्म हो जाए हो और शासक में आत्मविश्वास ना रहे तब उसे सिद्धांत,जमीर और विचार किनारे रख ऊपर से लेकर नीचे तक बात-बात पर ऐसे ही पैर पड़ना पड़ता है. बहरहाल हमें कुर्सी की नहीं बल्कि बिहार और 14 करोड़ बिहारवासियों के वर्तमान और भविष्य की चिंता है.’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.