MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्या और आरबीबीएम कॉलेज की प्राचार्या डा .ममता रानी ने केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार के सत्ता सीन होने और बिहार में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताया है।
उन्होंने चंद्रलोक स्थित अपने आवास पर प्रेस वार्ता बुलाकर कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ राजभूषण चौधरी निषाद के लिए तकरीबन 45 जगहों पर छोटी बड़ी सभाओं को संबोधित किया। उन्हें खुशी है कि संसदीय क्षेत्र के लोगों ने डॉ निषाद को बिहार में सर्वाधिक मतों से विजय दिलाई और संयोग है कि पहली ही बार लोकसभा पहुंचने वाले डॉ राजभूषण केंद्रीय राज्य मंत्री भी बनाए गए हैं।
महिला भाजपा नेत्री ने बताया कि उड़ीसा में भी उन्हें केंद्रीय नेतृत्व द्वारा प्रचार कार्यक्रम में शामिल किया गया था। उन्हें खुशी है कि वहां प्रधानमंत्री द्वारा चला जा रही विकास योजनाएं इस कदर प्रभावी रही कि उड़ीसा वासियों ने विधानसभा में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाई है । इस जीत में छोटी सी सहभागिता के लिए वह खुद को गौरवान्वित समझती हैं। मौके पर उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में मुजफ्फरपुर नगर विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी के कयासों पर सहमति जताई।












उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में निचले स्तर से लेकर केंद्रीय स्तर पर जब जहां उन्हें पार्टी द्वारा दायित्व सौंपा गया है एक सजग सिपाही के रूप में उन्होंने उसका निर्वहन किया है। उनका मानना है कि पार्टी जिन मापदंडों को सामने रखकर प्रत्याशी का चयन करती है उसके लिए वह उपयुक्त हैं और महिला प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी रखना चाहती हैं ।
उन्होंने कहा कि चूंकि नगर विधानसभा क्षेत्र में फिलहाल भाजपा का नेतृत्व नहीं है। इसलिए केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत करेंगी। अगर पार्टी नेतृत्व उन्हें सिंबल देती है तो पूरे दम खम से चुनाव लड़ेंगी और कोशिश रहेगी नगर विधानसभा क्षेत्र एक बार फिर से अपनी पार्टी की झोली में डाल दें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर केंद्रीय नेतृत्व किसी और साथी को नेतृत्व के लिए सिंबल प्रदान करती है तो समर्पित सिपाही के रूप में उनकी जीत के लिए पूरे दम से काम करेगी । एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा चुनाव के लिए तैयार रहने की बात नहीं है क्योंकि भाजपा कार्यकर्ता 24 घंटे तैयार ही रहते हैं ।
वैसे भी उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनीतिक रही है और वह भी राजनीति में वर्षों से योगदान दे रही हैं । ऐसे में पार्टी नेतृत्व का जब जैसा आदेश होगा वह बढ़ चढ़ कर काम करेंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा द्वारा महिलाओं की नगण्य भागीदारी पर महिला नेत्री ने कहा कि गठबंधन धर्म के कारण ऐसा हुआ है। लेकिन खुशी है कि घटक दलों ने जिन महिलाओं को भागीदारी दी वह जीतकर संसद भी पहुंची है।



Leave a Reply