नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली के अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ के कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित होने का मामला थमता नजर नहीं आ रहा है. शुरुआत में जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम अस्पताल के 14 मेडिकल स्टाफ (डॉक्टर और नर्स) के कोरोना से संक्रमित होने की रिपोर्ट आई थी. अब बाकी स्टाफ की रिपोर्ट भी सामने आ गई है और इस अस्पताल के कुल 40 डॉक्टर और नर्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. बता दें कि जहांगीरपुर में एक साथ 46 COVID-19 पॉजिटिव मामले सामने आए थे.
अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुछ चिकित्सकों और अन्य कर्मियों को एलएनजेपी अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि बाक़ी को आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया है.
उन्होंने कहा, ‘गुरुवार तक सात चिकित्सक और सात अन्य कर्मियों में कोविड-19 के संक्रमण की पुष्टि हुई थी और अब यह संख्या 40 हो गई है.’ उन्होंने कहा कि प्रतीत होता है कि उत्तर दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में बीमारी के सामुदायिक संचार की स्थिति है जिससे संक्रमण का उच्च दर संभव हुआ. जहांगीरपुरी इलाके में कई निषिद्ध क्षेत्र हैं.
इसके अलावा आजादपुर सब्जी मंडी में कोरोना वायरस की जांच के लिए लगभग 50 व्यापारियों और श्रमिकों के नमूने लिये गये. इस महीने संक्रमण से मंडी के एक व्यापारी की मौ’त हो गई थी. केंद्र सरकार द्वारा लॉकडाउन के नियमों में ढील दिए जाने के दिशा निर्देश जारी होने के बाद दिल्ली सरकार ने कहा कि वह मोबाइल फोन, वस्त्र और स्टेशनरी की दुकानों समेत आस पड़ोस और मोहल्ले की दुकानें खोलने की अनुमति देगी.
हालांकि दिल्ली सरकार के सूत्रों ने बताया कि निषिद्ध क्षेत्रों (कंटेनमेंट जोन) में स्थित दुकानें बंद रहेंगी और इन क्षेत्रों में कोई गतिविधि संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा आदेश के अनुसार बाजार में स्थित दुकानें और मॉल तीन मई तक बंद रहेंगे.



Leave a Reply