Breaking News

#MUZAFFARPUR डीएम ने किया मतगणना स्थल का निरीक्षण, कहा-पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण हो मतगणना का कार्य

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव 2024 अंतर्गत मुजफ्फरपुर एवं वैशाली संसदीय क्षेत्र के मतगणना कार्य का सफल एवं सुव्यवस्थित तैयारी सुनिश्चित करने के निमित्त जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने अहियापुर के बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दोनों लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतगणना का कार्य पूरी निष्पक्षता पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण रूप से आयोग के दिशानिर्देश के अनुरूप 4 जून को संपन्न होगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के मानक एवं दिशा निर्देश के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना का कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया। इसके लिए अहियापुर स्थित मतगणना केंद्र पर आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है। मतगणना केंद्र पर वाहनों के सुव्यवस्थित रखरखाव हेतु पार्किंग स्थल, प्रवेश द्वार एवं निकासी द्वार, बनाये गये हैं तथा प्रवेश द्वार पर ही लोगों की कड़ाई से जांच की जाएगी तथा पासधारक को ही केंद्र परिसर में जाने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही नियंत्रण कक्ष द्वारा मतगणना कार्य की सघन मॉनिटरिंग की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के मतगणना कक्ष के अंदर एवं बाहर की सभी आवश्यक व्यवस्था संबंधित पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए 1जून तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था । तदनुसार कृत कार्रवाई एवं उसके प्रगति का जायजा लेने जिलाधिकारी ने स्थलीय भ्रमण कर धरातलीय स्थिति का निरीक्षण किया।

विदित हो कि 15-मुजफ्फरपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपर समाहर्ता राजस्व संजीव कुमार निर्वाची पदाधिकारी हैं। इस लोकसभा के अंतर्गत गायघाट, औराई, बोचहां, सकरा, कुढ़नी एवं मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र आता हैं। सभी विधानसभा के लिए अलग-अलग सहायक निर्वाची पदाधिकारी हैं। जबकि 16-वैशाली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत मीनापुर, कांटी, बरूराज, पारू साहेबगंज और वैशाली विधानसभा क्षेत्र आता हैं। सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग सहायक निर्वाची पदाधिकारी हैं।इस लोकसभा क्षेत्र का जिला पदाधिकारी निर्वाची पदाधिकारी हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर गर्मी के प्रभाव को देखते हुए मतगणना परिसर के भीतर पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा पुरुष एवं महिला के लिए अलग-अलग शौचालय यूरिनल वॉशरूम बनाने का कार्य सतत रूप से जारी है। परिसर के भीतर निर्वाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जिलाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, नगर आयुक्त नवीन कुमार, अपर समाहर्ता राजस्व संजीव कुमार अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन मनोज कुमार अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था सुधीर कुमार सिन्हा उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.