दीपक कुमार ।मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में पीएम मोदी जनसभा को संबोधित कर रहे थे । पीएम मोदी ने कहा कि बाबा गरीबनाथ की पावन धरती पर आप सभी का अभिनंदन करता हूं। आज चौथे चरण का मतदान चल रहा है। आप सभी जनता के आशीर्वाद से बीजेपी और एनडीए के पक्ष में आंधी चल रही है।
पीएम ने कहा कि यहां बिहार में भी जंगलराज वाली पार्टी चारों खाने चित होने जा रही है और मैं हिंदुस्तान में जहां-जहां गया, बिहार में गया, एक ही आवाज आ रही है, एक ही स्वर सुनाई दे रहा है..फिर एक बार मोदी सरकार। पीएम ने कहा ये देश का चुनाव का है। ये हिंदुस्तान का भविष्य और नेतृत्व तय करने का चुनाव है। ये इस बात का निर्णय करने का चुनाव है कि किसके हाथ में बागडोर देना है।
पीएम ने कहा कि देश कांग्रेस वाली कमजोर, डरपोक और अस्थिर सरकार बिल्कुल नहीं चाहता है। आप अपने मोहल्ले में भी ढीला-ढाला पुलिसवाला या टीचर पसंद करते हैं क्या? पुलिस और टीचर भी मजबूत चाहिए या नहीं? तो देश में पीएम भी मजबूत होना चाहिए या नहीं? देश को कमजोर पीएम चला सकता है क्या? ये (विपक्ष) लोग इतने डरे हुए हैं कि इन लोगों को सपने में भी पाकिस्तान का परमाणु बम दिखाई देता है। ऐसी पार्टियां और नेताओं को देश दे सकते हैं क्या? ये कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेताओं के कैसे-कैसे बयान आ रहे हैं। वो कहते हैं कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं। अरे हम पहना देंगे।
पीएम ने कहा कि हमें मालूम नहीं था कि पाकिस्तान के पास चूड़ियां भी नहीं हैं। कोई मुंबई हमले में पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहा है। कोई सर्जिकल और एयर स्ट्राइक पर सवाल उठा रहा है। ये लेफ्ट वाले तो भारत के परमाणु हथियारों को ही खत्म करना चाहते हैं। ऐसा लगता है कि जैसे इंडी गठबंधन वालों ने भारत के खिलाफ किसी से सुपारी ले ली है।
पीएम ने कहा कि ये स्वार्थी लोग क्या राष्ट्र रक्षा के लिए कड़े फैसले ले सकते हैं क्या? ऐसे दल जिनके अंदर का कोई ठिकाना नहीं, वो भारत को मजबूत बना सकते हैं क्या? वो तो मजबूर बनाकर छोड़ेंगे। साथियों मोदी, पूर्वी भारत (बिहार, झारखंड, बंगाल, ओडिशा) के राज्यों को विकसित भारत के विकास का ग्रोथ इंजन मानता है। इसलिए मैं विकसित बिहार, विकसित भारत के मंत्र पर काम कर रहा हूं।
पीएम ने कहा कि बिहार में आधुनिक कनेक्टिविटी हो, लोगों का जीवन आसान बनाने का काम हो, युवाओं के लिए नए अवसर बनाने हों, कानून व्यवस्था को बेहतर बनाना हो, एनडीए सरकार हर दिशा में काम कर रही है। मोदी चारों दिशाओं में एक साथ काम करने का स्वभाव रखता है।
मुजफ्फरपुर और बिहार ने दशकों तक नक्सलवाद का जख्म दशकों तक सहा है। पहले की सरकारों ने नक्सलवाद को पाला-पोसा और आप के खिलाफ इस्तेमाल भी किया। अपराध और नक्सलवाद की वजह से
बिहार में उद्योग धंधे चौपट हो गए। आप को वो दिन याद है ना, जब शाम होते ही घर में छिपना पड़ता था। बाहर निकलना बंद हो जाता था। नए वोटरों को पता नहीं होगा कि जंगलराज की स्थिति कितनी भयानक थी। आरजेडी के जंगलराज ने बिहार को कई दशक पीछे धकेल दिया था। ये एनडीए की सरकार है जो कानून व्यवस्था को पटरी पर लाई है। शांति स्थापित हुई है तो निवेश आ रहा है। निवेश आता है तो रोजगार के मौके बढ़ते हैं।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन भारत को बांटने में ही जुटा है।










Leave a Reply