देहरादून: लोकसभा चुनाव और भारी संख्या में शादियों की बुकिंग के चलते राज्य भर में बसों और कैब की डिमांड तेजी से बढ़ गई है. वहीं जिन परिवारों ने शादी की तैयारी कर ली है, अब उनके सामने बारात के लिए गाड़ियों की बुकिंग के लिए संघर्ष करना पड़ा रहा है. क्योंकि बड़ी संख्या में टैक्सियों और बसों को चुनाव ड्यूटी के लिए भेज दिया गया है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, 3,653 बसों और 7,161 निजी टैक्सियों और कैब सहित कुल 12,395 वाहनों को चुनाव ड्यूटी के लिए राज्य अधिकारियों द्वारा अधिग्रहित किया गया है, जिसके कारण शादियों के लिए वाहन बुकिंग अचानक रद्द कर दी गई है.










राज्य की सभी पांच लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को होने वाले पहले चरण में मतदान किए जाएंगे. इस साल, शादियों का चरम मौसम भी लोकसभा चुनाव के समय के आसपास आ गया है और मतदान से ठीक एक दिन पहले 18 अप्रैल को शादी के लिए सीजन का सबसे शुभ दिन माना जा रहा है. पुजारियों का कहना है कि 13 अप्रैल को बैसाखी के बाद शादी का सीजन जोर पकड़ता है और 24 अप्रैल तक चलता है.
देहरादून निवासी जनार्दन सिंह ने कहा, “हमारे परिवार में 18 अप्रैल को शादी है और हमने जो वाहन एक महीने से अधिक पहले बुक किए थे, वे अब उपलब्ध नहीं हैं. हमें अल्प सूचना पर वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी है. हम जानते हैं कि उस दिन कोई भी टैक्सी या कैब बारात जाने के लिए उपलब्ध नहीं है. हम दुविधा में हैं कि क्या करें.’
यह समस्या विशेष रूप से पहाड़ी इलाकों में गंभीर है, जहां लोग आवागमन के लिए बड़े पैमाने पर सार्वजनिक वाहनों पर निर्भर हैं. उत्तरकाशी निवासी गणेश रावत ने कहा कि उनके परिवार से एक बारात को टिहरी जाना था, लेकिन वाहन की बुकिंग रद्द कर दी गई. उन्होंने कहा, “अब हमें एक बस के बजाय पांच कारें किराए पर लेनी होंगी.” शादियों का आयोजन करने वालों के सामने एक और विकट समस्या है. मतदान की निर्धारित समाप्ति से पहले की 48 घंटे की अवधि एक ‘ड्राई फेज’ है – जब शराब की दुकानें बंद हो जाएंगी और कार्यक्रमों में शराब परोसने के लिए आवश्यक अस्थायी बार लाइसेंस जारी नहीं किए जाएंगे. नतीजन, विवाह स्थल भी इस स्थिति से उत्पन्न चुनौतियों से जूझ रहे हैं.



Comment here