नई दिल्ली: रमजान के बाद आसमान से आग बरसने वाली है. आईएमडी यानी मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-एनसीआर के लोगों को जल्द ही भयंकर गर्मी का अहसास होने वाला है. आईएमडी ने कहा है कि सप्ताह के अंत तक दिल्ली के दिन और रातें काफी गर्म हो जाएंगी. मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 15 अप्रैल के आसपास अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाएगा.
मौसम विभाग की मानें तो अब दिन-प्रतिदिन तापमान बढ़ने लगा है. दिल्ली-एनसीआर का तापमान अभी और बढ़ेगा क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण जो हल्की राहत मिली थी, वह फीकी पड़ने लगी है, जिससे भीषण गर्मी आने का रास्ता साफ हो गया है. पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान नियंत्रण में था, हालांकि अब इसके खत्म होने की उम्मीद है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हवा संभवतः शांत रहेगी, लेकिन गर्म होती जाएगी.










आईएमडी के मौसम वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले सप्ताह से चल रही तेज सतही हवाएं रविवार को भी जारी रहीं, जिनकी औसत गति 25-35 किमी प्रति घंटा थी. हालांकि, ये सतही हवाएं मंगलवार तक धीमी हो जाएंगी. श्रीवास्तव का कहना है कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान मौजूदा तापमान से तीन से चार डिग्री ऊपर बढ़ने की उम्मीद है और 15 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.
मौसम विभाग के आंकड़ों से पता चला है कि पिछले साल 16 अप्रैल को और 2022 में 8 अप्रैल को ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो पहुंच गया था. आईएमडी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से एक डिग्री अधिक है. दिन के दौरान सापेक्ष आर्द्रता 63 प्रतिशत से 21 प्रतिशत के बीच रही.
मौसम विभाग कार्यालय ने सोमवार को प्रमुख रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान लगाया है, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दिल्ली में गर्मी बढ़ने के साथ ही लोगों की परेशानी भी बढ़ जाएगी. दिल्ली-एनसीआर में लू के थपेड़े चलेंगे और लोगों का दिन के वक्त में बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा.



Comment here